Rajasthan में गहलोत सरकार के संरक्षण में हो रहे पेपर लीक, प्रभारी अरुण सिंह ने सरकार पर लगाए यह आरोप
राजस्थान में जन आक्रोश यात्रा के दौरान भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने गहलोत सरकार के संरक्षण में पेपर लीक होने के आरोप लगाए हैं। इस दौरान सतीश पूनिया और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी भी गहलोत सरकार पर जमकर बरसे।

BJP के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने चित्तौड़गढ़ और बल्लभनगर विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को जनाक्रोश यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के संरक्षण में पेपर लीक हो रहे हैं। राजस्थान का युवा कई महीने से तैयारी करने के बाद परीक्षा देने जाता है। परंतु परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है। रीट वनरक्षक और अब आरपीएससी पेपर लीक घोटाले हो रहे हैं। यह सब गहलोत सरकार के संरक्षण में हो रहे हैं। लगातार पेपर लीक होने से युवाओं में आक्रोश है। राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार और भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बलात्कार बेरोजगारी में नंबर वन है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने कहा कि जनजाति वर्ग की बच्ची के साथ अत्याचार होता है। इसलिए जनता में आक्रोश है।

पेपर लीक माफिया के आगे सरकार सरेंडर
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि पेपर लीक माफिया पर नकेल कसने में कांग्रेस की सरकार विफल है। दर्जनों परीक्षाओं के पेपर लीक होने से प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ मुख्यमंत्री खिलवाड़ कर रहे हैं। अब ऐसे हालात बनते जा रहे हैं कि जैसे पेपर लीक माफिया के आगे सरकार ने सरेंडर कर दिया हो।

महिला और मानवाधिकार आयोग को लिखा पत्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने राजस्थान में महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्म, गैंगरेप, अपहरण व तस्करी के मामलों से उत्पन्न हो रही स्थिति के संबंध में महिला आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखा है। इसमें लिखा है कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 8 लाख 61 हजार से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। जिनमें 1 लाख 55 से अधिक मामले महिलाओं पर अत्याचार से संबंधित हैं। इन मामलों में 25 हजार से अधिक मामले दुष्कर्म पर गैंगरेप के हैं। अभी हाल ही में प्रदेश के भीलवाड़ा जिले में स्टांप पेपर पर लड़कियों की खरीद-फरोख्त का मामला भी सामने आया है। इस पर आयोग ने संज्ञान भी लिया है। पूनिया ने आयोग से कहा कि वह महिला अपराधों पर संज्ञान लेते हुए इन्हें रोकने को लेकर उपाय करें।

प्रदेश के सभी जिलों में सुनी गई मन की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को रविवार को पूरे प्रदेश में सुना गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने बताया कि मोदी के मन की बात कार्यक्रम को प्रदेश के सभी जिलों मंडलों और बूथों पर सुना गया।












Click it and Unblock the Notifications