OPINION: राजस्थान में अशोक गहलोत 9 दिन में 18 जिलों में जाकर करेंगे चुनावी आगाज, जानिए पूरा कार्यक्रम
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनाव से ठीक पहले सियासी दांव पेच चलना शुरू कर दिया है। सीएम गहलोत राजस्थान मिशन 2030 को लेकर जनता से सीधा संवाद करने के लिए प्रदेश में 9 दिन में 18 जिलों के दौरे करेंगे। सीएम गहलोत इस यात्रा के लिए गुरुवार से प्रदेश के दौरे पर निकल जाएंगे। चुनाव से ठीक पहले उनके इस अभियान को बड़ा अहम माना जा रहा है। इसके जरिए सीएम गहलोत प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल तैयार कर जनता की नब्ज जानेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत देवदर्शन कर भाजपा की रणनीति पर भारी पड़ने की कोशिश भी करेंगे। इसी अभियान के चलते मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजधानी जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में मिशन 2030 को लेकर जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गारंटी भी मांगी कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर उनकी सरकार की योजनाओं को बंद नहीं किया जाएगा। राजनीति के जानकार सीएम गहलोत के इस अभियान को चुनाव से जोड़कर आंकलन कर रहे हैं।
प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन करेंगे सीएम गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश के जिलों के दौरे के दौरान मिशन 2030 की सभाएं करने के साथ ही प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन और पूजा पाठ भी करेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरूवार से देवदर्शन की भी शुरुआत कर रहे हैं। इसके बाद देशनोक में करणी माता मंदिर, बांसवाड़ा के त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, राजसमंद के चारभुजा नाथ मंदिर, नागौर जिले के खरनाल में तेजाजी मंदिर, नाथद्वारा श्रीनाथजी मंदिर, कल्लाजी मंदिर निंबाहेड़ा में दर्शन कर पूजा अर्चना करेंगे। कांकरोली में वह मार्बल के कारोबारी और नाथद्वारा में पिछवाई पेंटिंग से जुड़े कलाकारों और कारोबारियों से मिलकर सुझाव लेंगे। इसके लिए दोनों ही जगह पर सभा आयोजित की जाएगी। उदयपुर में मुख्यमंत्री गहलोत टूरिज्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से संवाद करेंगे।

खाटू श्याम और सालासर बालाजी के किए दर्शन
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को जयपुर और चौमूं में मिशन 2030 की सभाओं के बाद खाटू श्याम जी और सालासर दौरे पर जाएंगे और वहां मंदिरों में दर्शन करेंगे। खाटू श्याम जी और सालासर में देशभर के श्रद्धालु आते हैं। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सीएम गहलोत की देवदर्शन यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जिलों में जाकर सभाएं करने और मंदिरों में दर्शन करने का 9 दिन का कार्यक्रम तैयार किया गया है। सीएम का सीकर, चूरू, नागौर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, जोधपुर, पाली, जालौर और सिरोही जिलों में मिशन 2030 की सभाओं और देवदर्शन का कार्यक्रम तय किया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 27 से 30 सितंबर और 3 से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के लगातार दौरे करेंगे।
आदिवासियों के बीच जाकर करेंगे बातचीत
सीएम गहलोत ने प्रदेश के आदिवासी इलाकों में भी जाकर आदिवासी नेताओं और पशुपालकों से मिलकर मिशन 2030 पर सुझाव लेने का कार्यक्रम तय किया है। मुख्यमंत्री गहलोत 4 अक्टूबर को बेणेश्वर धाम में आदिवासी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। डूंगरपुर कॉलेज में भी इसी दिन सीएम गहलोत आदिवासी खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। बांसवाड़ा में उनकी जनसभा रखी गई है। सीएम गहलोत का 5 अक्टूबर को निंबाहेड़ा चित्तौड़गढ़ में मार्बल ग्रेनाइट और सीमेंट उद्योग से जुड़े लोगों के साथ संवाद करने का कार्यक्रम है। 6 अक्टूबर को सीएम गहलोत रणकपुर सुमेरपुर जालौर और सिरोही में मिशन 2030 की सभाओं का कार्यक्रम रखा गया है। सिरोही में 6 अक्टूबर को सीएम गहलोत पशुपालकों से बातचीत करेंगे। इसके बाद 7 अक्टूबर को बाड़मेर जिले का दौरा प्रस्तावित है। बाड़मेर के सिवान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पशुपालकों के साथ संवाद करेंगे।
युवाओं के साथ संवाद करने का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 28 सितंबर को सीकर के लक्ष्मणगढ़, नागौर के डीडवाना और नागौर में जनसभा का कार्यक्रम है। 29 सितंबर को हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर में संवाद सभाएं रखी गई है। सीएम गहलोत का बीकानेर में दो होटल में युवाओं के साथ टाउन हॉल कार्यक्रम भी रखा गया है। इसके साथ ही हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में किसानों से संवाद होगा। सीएम गहलोत बीकानेर में भुजिया कारोबारियों से सभा के जरिए संवाद करेंगे। इसके बाद 30 सितंबर को बीकानेर और जैसलमेर में संवाद करेंगे। जैसलमेर में सीएम गहलोत होटल कार्यबारियों से बातचीत करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications