Ole in Rajasthan : जयपुर समेत कई जगहों पर ओलावृष्टि, इन जिलों के लिए 7 मार्च तक की चेतावनी
जयपुर। विदा होती सर्दी और होली के आगमन के बीच राजस्थान के मौसम का मिजाज गुरुवार को बदल गया। राजधानी समेत जयपुर कई जगहों पर ओलावृष्टि व बारिश हुई है। इससे सर्दी का असर बढ़ गया।

Recommended Video
जानकारी के अनुसार जयपुर में गुरुवार शाम साढ़े बजे बेर के आकार के ओले गिरे हैं। ओलों संग बारिश भी हुई है। इससे पहले सुबह से बादल छाए रहे और तेज हवाओं का दौर चला। जयपुर के अलावा सीकर और बाड़मेर से भी ओले पड़ने और बारिश की खबरें हैं। उधर, जयपुर मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के जोधपुर, भरतपुर, जयपुर, कोटा, व बीकानेर संभाग में सात तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार उक्त जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग जयपुर की मानें तो पश्चिमी ईरान और उससे सटे अफगानिस्तान पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है, जो कि सतह से 3.1 किमी और 7.6 किमी के बीच स्थित है। इसके प्रभाव से प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण पाकिस्तान और उसके आसपास बना हुआ है। जो समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर है। इसके चलते मौसम खराब हुआ है।

लगातार तीसरे दिन मौसम खराब
राजस्थान में अचानक से मौसम ने करवट बदली है, लगातार तीसरे दिन राजधानी जयपुर में बरसात से सुबह मौसम शुष्क रहा। वहीं दिन में करीब 3.35 बजे बरसात के साथ ओले गिरने शुरू हुए। करीब चालीस मिनट तक ओलों की बरसात होती रही। इससे शहर में कई स्थानों पर पानी भर गया जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई जगहों पर जाम लग गया।

तापमान में 5 डिग्री की गिरावट
जयपुर के शाहपुरा में भी अच्छी बरसात हुई। ओलावृष्टि किसानों के लिए मुसीबत लेकर आई। इससे तैयार गेहूं, तारामीरा व सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं बीती रात प्रदेश के तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट भी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट राजधानी जयपुर में मापी गई, जहां तापमान 18.8 डिग्री से लुढ़कर 15.1 डिग्री पर आ गया । वहीं अन्य जगहों पर तापमान में स्थिरता देखने को मिली, या दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

इन जिलों में हुई बारिश
बीते 24 घंटे में भीलवाड़ा, अजमेर, अलवर, भरतपुर, बूंदी, हनुमानगढ़, गंगानगर और जयपुर में बरसात देखने को मिली। अलवर में लगभग 34.6 मिमि बरसात हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और बीकानेर संभाग में बादल गरजने के साथ हल्की बरसात हो सकती है। वहीं शुक्रवार को जयपुर और भरतपुर संभाग में बादल गरजने के साथ हल्की बरसात हो सकती है। शनिवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications