कोरोना योद्धा : DSP पत्नी-डॉक्टर पति ने शादी के बाद संभाला मोर्चा, बच्चों ने घर से सैल्यूट कर बढ़ाया मनोबल
जयपुर। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ी जा रही जंग में पूरा देश एकजुट है। डॉक्टर और पुलिस जैसे पेशे वाले भी अपनी खुशियों से पहले देश सेवा का फर्ज भी निभा रहे हैं। ऐसी ही कहानी उदयपुर के आरपीएस पत्नी-डॉक्टर पति और बीकानेर के डॉक्टर दम्पति की है। इनकी हाल ही शादी हुई। मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा कि किसी ने शादी का चूड़ा उतारकर पीपीई किट पहन लिया तो किसी ने खाकी वर्दी पहनकर लॉकडाउन तोड़ने वालों के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया।

उदयपुर के डॉक्टर दीपक, कोटा की डीएसपी पूजा
बता दें कि झालावाड़ के मरायता खानपुर के डॉक्टर दीपक नागर और कोटा निवासी पूजा नागर की शादी 9 फरवरी को हुई थी। दोनों का दाम्पत्य जीवन शुरू ही हुआ था कि कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी। देखते ही देखते ही दुनियाभर में कोरोना ने महामारी का रूप ले लिया और भारत में लॉकडाउन घोषित हो गया।

जयपुर व उदयपुर में दे रहे सेवाएं
ऐसे में डॉ. दीपक और प्रशिक्षु आरपीएस पूजा ने शादी के बाद की शेष रस्में अधूरी छोड़ ड्यूटी पर लौटे हैं। फिलहाल डीएसपी पूजा नागर जयपुर में ड्यूटी दे रही है, जबकि डॉ. नागर उदयपुर के सीएचसी पर गुजरात से आने वाले श्रमिकों व लोगों की जांच के साथ ही बीमारों के इलाज में जुटे हैं।

बच्चों ने सैल्यूट करके बढ़ाया मनोबल
कोरोना वॉरियर की भूमिका निभाने वालों का मनोबल बढ़ाने में भी लोग पीछे नहीं है। डीएसपी पत्नी और डॉक्टर पति नागर के परिवार के बच्चों ने इन्हें सैल्यूट किया, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है।

बीकानेर : डॉ. अनिसा व डॉ. साहिल
बीकानेर में एनस्थीसिया की सैकंड इयर रेजीडेंट डा. अनिसा की डा.साहिल मिढ़ा से हाल ही शादी हुूई। यह डॉक्टर दम्पती भी शादी के बाद की कई रस्में अधूरी छोड़कर 19 मार्च 2020 को अस्पताल लौट आया। परंपरागत पंजाबी परिवार में बात उठी कि अनिसा को शादी का चूड़ा सवा साल तक नहीं उतारना चाहिए, मगर अनिसा ने परम्पराओं की बजाय डॉक्टर के फर्ज को प्राथमिकता दी और शादी का चूड़ा उतारकर पीपीई किट पहनकर कोरोना वॉरियर बन गई।












Click it and Unblock the Notifications