मनमोहन सिंह करेंगे सोनिया गांधी के पास अशोक गहलोत की पैरवी, खड़गे का अनादर करने वाले पहुंचे बधाई देने
Rajasthan के जिन नेताओं ने पर्यवेक्षक के तौर पर राजस्थान आए मल्लिकार्जुन खड़गे का अनादर किया था। वही लोग खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हाथ में गुलदस्ते लिए उन्हें बधाई देने के लिए खड़े नजर आए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद की मतगणना से एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंच गए थे। मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें बधाई दी। इस दौरान गहलोत समर्थक मंत्री शांति धारीवाल, महेश जोशी और धर्मेंद्र राठौड़ भी खड़गे के आवास पर सक्रिय नजर आए। आपको बता दें इन तीनों नेताओं को पिछले दिनों राजस्थान के सियासी घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने अनुशासनहीनता का नोटिस दिया था। यह तीनों नेता खड़गे को गुलदस्ता भेंट करने के लिए उनके आवास पर मौजूद थे। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देने के लिए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा भी पहुंचे।

मल्लिकार्जुन खड़गे जब पर्यवेक्षक बनकर जयपुर आए तो किया था अनादर
राजस्थान में 25 सितंबर को विधायक दल की बैठक आहूत करने के लिए बतौर पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन जयपुर आए थे। इस दौरान गहलोत समर्थक विधायकों ने मंत्री शांति धारीवाल के घर बैठक कर विधायक दल की बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया था। इन विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को अपने इस्तीफे सौंपते हुए विधायक दल की बैठक का बहिष्कार किया था। तब दोनों पर्यवेक्षकों को जयपुर से खाली हाथ लौटना पड़ा था। कांग्रेस ने इस मामले में गहलोत सरकार के मंत्री शांति धारीवाल, महेश जोशी और आरटीडीसी के चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ को अनुशासनहीनता का नोटिस दिया था। दोनों पर्यवेक्षकों ने इसकी लिखित रिपोर्ट कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी को दी थी।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिल्ली प्रवास के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित अन्य नेताओं से भी मुलाकात की। इनमें अंबिका सोनी और मुकुल वासनिक भी शामिल हैं। यह दोनों नेता अशोक गहलोत के पक्के समर्थक और सहयोगी माने जाते हैं। अंबिका सोनी के मनमोहन सिंह से काफी नजदीकी है। ऐसे में अगर मनमोहन सिंह सोनिया गांधी से गहलोत के पक्ष में एक शब्द भी कह देते हैं तो सोनिया गांधी उसके लिए मना नहीं कर सकती हैं। माना जा रहा है कि अब मनमोहन सिंह सोनिया गांधी के पास अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री बनाए रखने की की पैरवी करेंगे।

अशोक गहलोत ने प्रियंका गांधी से की आवास पर जाकर मुलाकात
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रियंका गांधी से मुलाकात करने के लिए उनके सुजान पार्क स्थित निवास पर गए थे। जहां उस समय एआईसीसी कोषाध्यक्ष पवन बंसल भी मौजूद थे। प्रियंका गांधी से मुलाकात के दौरान अशोक गहलोत की उनसे क्या बात हुई। यह तो स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन माना जा रहा है यह मुलाकात गुजरात चुनाव में फंडिंग से संबंधित थी। अशोक गहलोत और प्रियंका गांधी की इस मुलाकात की सियासी गलियारों में चर्चा है। उनकी मुलाकात को लेकर कई तरह के मायने निकाले जा रहे हैं।

गुजरात के चार दिवसीय दौरे पर जाना चाहते थे अशोक गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात दौरे पर 4 दिन के लिए जाना चाहते थे। इस संबंध में उन्होंने गुजरात प्रभारी रघु शर्मा से बात की थी। रघु शर्मा ने केसी वेणुगोपाल से बात कर राहुल गांधी तक उनका मैसेज पहुंचाया। इस पर राहुल गांधी ने 19 अक्टूबर तक गुजरात से वापसी के संकेत दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सीधे दिल्ली पहुंच गए। चुनाव परिणाम आने तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दिल्ली में रहे। गहलोत ने कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।












Click it and Unblock the Notifications