जयपुर में महाधरना: बाजार बंद कर व्यापारियों के साथ बड़ी चौपड़ पर जुटा सर्व समाज
जयपुर में बाइक एक्सीडेंट के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने के मामले को सांप्रदायिक माहौल देने के विरोध में बुधवार को बड़ी चौपड़ पर सर्व समाज की ओर से महाधरना दिया गया है।
जयपुर महाधरना में परकोटे के व्यापारी भी शामिल हुए। ऐसे में सुबह से ही बाजार बंद रहे। व्यापारियों ने सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक दुकानें बंद रखकर बड़ी चौपड़ पर महाधरना को समर्थन दिया। व्यापारियों के साथ राजसमंद से भाजपा सांसद दीया कुमारी, सांसद रामचरण बोहरा भी धरना स्थल पर मौजूद रहे।

जयपुर बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सर्व समाज की ओर से जयपुर की बड़ी चौपड़ पर दिए गए महाधरने के कारण सुबह से ही जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, रामगंज बाजार और हवामहल बाजार रास्ते की यातायात व्यवस्था बदली गई। इसके अलावा राजापार्क, वैशाली नगर, अजमेर रोड, सांगानेर, प्रताप नगर, मालवीय नगर, झोटवाड़ा, कालवाड़ रोड, सीकर रोड के बाजार भी दोपहर तक बंद रहे।
मीडिया से बातचीत में एडिशनल डीसीपी नॉर्थ बिजेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि उच्च अधिकारियों ने दोनों पक्षों के धर्मगुरुओं, सीएलजी सदस्य व अन्य लोगों के साथ मीटिंग की है। खुद जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ रामगंज में रहने वाले दोनों समुदायों के लोगों व सीएलजी मैंबरों के साथ अब तक 10 बार से ज्यादा मीटिंग कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात को फूटा खुर्रा रामगंज निवासी 18 वर्षीय युवक बाइक पर सवार होकर जयसिंहपुरा खोर की से घर जा रहा था। रास्ते में गंगापोल में राहुलजी का बाजार में उसकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। इसके बाद विवाद हो गया। दोनों युवकों ने अपने-अपने पक्ष के लोगों को मौके पर बुलाया। विवाद इतना बढ़ा कि लोगों ने युवक की पीट-पीटकर कर हत्या कर दी। इसके बाद कुछ लोगों ने घटना को साम्प्रदायिक रंग देना शुरू कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications