जयपुर में युवक को डिजिटल अरेस्ट करके ठगे साढ़े 4 लाख रुपए, कैसे बचें ठगी के इस नए तरीके से?
राजस्थान में डिजिटल अरेस्ट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। राजधानी जयपुर में पहले बैंक मैनेजर तन्वी जैन, फिर हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज केएस चौधरी और अब एक नामी परिवार का युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ है।
चौंकाने वाली बात यह है कि ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी जयपुर के वैशाली नगर निवासी इस युवक को 8 दिन तक डिजिटल अरेस्ट किए रखा और फिर इससे साढ़े चार लाख रुपए भी ठग लिए।

मीडिया की खबरों के अनुसार डिजिटल अरेस्ट होकर लाखों रुपए गंवा देने वाले युवक ने बताया कि एक अगस्त को उसके पास दोपहर करीब दो बजे मोबाइल पर कॉल आया।
कॉल करने वाले ने खुद को आरबीआई कस्टमर सर्विसेज अधिकारी बताते क्रेडिट कार्ड डिफॉल्ट होने की जानकारी दी और कहा कि 'आपने 9 मई को क्रेडिट कार्ड का गलत इस्तेमाल किया है। हैदराबद पुलिस को कॉल ट्रांसफर किया जा रहा है। उनसे बात करो।'
कॉल पर एक महिला ने खुद को हैदराबाद की पुलिस अधिकारी बताते हुए युवक को बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड के जरिए 712 करोड़ की टेरर फंडिंग हुई है।
युवक को यह भी कहा गया कि उसके बैंक खाते से 20 लाख आतंकी गतिविधियों के लिए भेजे गए हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। 260 लोग संदिग्ध हैं। उन्हीं से तुम भी एक हो। 194 तो अरेस्ट भी हो चुके हैं।'
उसे डिजिटल अरेस्ट करके साइबर ठगों ने उसके खाते से एफडी का पता लगाया और उस पर एफडी तोड़कर पैसे देने का दबाव बनाया गया। उसे बैंक भेजा। नई चेक बुक के लिए अप्लाई करवाया। 8 दिन तक चले इस पूरे घटनाक्रम में युवक से साढ़े चार लाख रुपए ठग लिए।
शुक्रवार को युवक ने अपने पिता से नई चेक बुक आने के बारे में पूछा तो पता चला कि वह साइगर के चंगुल में फंसा हुआ है। पिता ने तुरंत वीडियो कॉल डिस्कनेक्ट करवाया और डिजिटली अरेस्ट हो रहे बेटे को बचाया, मगर तब तक उसे लाखों रुपए जा चुके थे।
साइबर फ्रॉड से कैसे बचें?
सरकार ने ऐसे साइबर और ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने के लिए www.sancharsaathi.gov.in पर चक्षु पोर्टल लॉन्च किया है।
यदि आपको इसी तरह की कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो आप उस नंबर को चक्षु पोर्टल पर रिपोर्ट कर सकते हैं। साइबर ठगी होने की स्थिति में सबसे पहले आप अपने बैंक को इस बारे में सूचित करें। इसके बाद आप उसकी शिकायत क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या http://www.cybercrime.gov.in पर कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications