Jaipur News: ज्वेलरी कारोबारी के बंगले से 32.57 लाख चुराने वाले ने पत्र छोड़ा-'बात फैली तो मौत पक्की है'
Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सिविल लाइंस स्थित भगत वाटिका में एक ज्वेलरी कारोबारी के बंगले से लाखों रुपए की नकदी और जेवरात चुराकर फरार हुए नौकर को सोडाला थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वारदात के बाद एक धमकी भरा पत्र भी छोड़ा था, जिससे व्यापारी परिवार दहशत में आ गया।
डीसीपी (दक्षिण) दिगंत आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्यारसी राम उर्फ लक्ष्मण बघेल (50) के रूप में हुई है, जो मूलरूप से धौलपुर के तिवाड़ी बाग का निवासी है और हाल ही में सिविल लाइंस, भगत वाटिका में निवास कर रहा था।

इस संबंध में व्यापारी सुरेश कुमार अग्रवाल ने 30 मार्च को सोडाला थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी बंगले से करीब 32.57 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया था।
चोरी के बाद आरोपी ने मालिक के नाम एक पत्र छोड़ा, जिसमें लिखा था- "अगर पीछा किया या बात बाहर आई तो अंजाम गंभीर होंगे। मेरे सिर पर खून सवार है, मर भी सकता हूं और मार भी सकता हूं। धमकी मत समझना, करके दिखाऊंगा।"
सघन जांच और सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता
एडिशनल डीसीपी ललित कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के बाद सोडाला थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी भरतपुर और धौलपुर होते हुए आगरा की ओर गया है। आगरा पहुंचकर पुलिस ने मोबाइल दुकानों, होटल और हॉस्टलों में आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान जानकारी मिली कि आरोपी ने 'लक्ष्मण' नाम से नया मोबाइल खरीदा था, जिसे उसने चालू नहीं किया।
अंततः पुलिस ने मंगलवार को आगरा के रकाबगंज इलाके में स्थित एक हॉस्टल के पास से आरोपी को दबोच लिया और पूछताछ के लिए जयपुर लाया गया, जहां उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस अब आरोपी से बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें- Bhopal News: भोपाल में दो महिला डांसर निकली चोर, चोरी करते हुए CCTV में हुई कैद, दोनों आरोपी गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications