Jaipur Audi Video : ऑडी दौड़ा रही लड़कियों ने युवक को उड़ाया, 30 फीट हवा में उछलकर मकान की छत पर जा गिरा
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर में आज सुबह एक बार फिर रफ़्तार का कहर देखने को मिला है। जयपुर के सोडाला एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार में ऑडी कार दौड़ा रही लड़कियों ने एक युवक को पीछे से टक्कर मार दी।
Recommended Video

ऑडी से टक्कर के युवक का पैर कटकर अलग हुआ
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक एलिवेटेड रोड से करीब 30 फीट हवा में उछलकर पास बने एक मकान की छत पर जा गिरा। उसके एक पैर के चिथड़े उड़ गए और पैर कटकर अलग हो गया। हादसे में युवक का सिर भी फट गया था। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार दो युवतियों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार की स्पीड करीब 100 से अधिक थी।

ऑडी ने खम्भे के भी मारी टक्कर
दूसरी तरफ, बेकाबू कार एलिवेटेड रोड पर ही लगे एक खंबे से जा टकराई। कार की टक्कर से रोड पर लगा बिजली का पोल टूटकर उखड़ गया और नीचे अजमेर रोड पर जा गिरा। गनीमत रही कि वहां कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जबकि एयर बैग खुलने से कार में सवार दोनों लड़कियां बच गईं। कार जाम होने से वे बाहर आईं।

मृतक युवक पाली का मादाराम था
हादसे की सूचना पर पहुंची जयपुर पुलिस ने दोनों युवतियों को हिरासत में लिया और मामले के सम्बन्ध में पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पाली निवासी मादाराम था। वह पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए जयपुर आया था। बताया जा रहा है कि सड़क खाली होने के चलते कार सवार दो युवतियां तेज रफ़्तार से कार दौड़ा रही थी, लेकिन अचानक सामने बाइक के आने से संतुलन खो दिया और बाइक सवार को टक्कर मार दी। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications