जयपुर बम ब्लास्ट: जिंदा बम केस में चार आतंकी दोषी करार, सजा का ऐलान 8 अप्रैल को
राजस्थान की राजधानी जयपुर में साल 2008 में हुए भीषण सीरियल बम धमाकों के करीब 17 साल बाद जयपुर की विशेष अदालत ने चांदपोल स्थित रामचंद्र मंदिर के पास मिले जिंदा बम से जुड़े मामले में चार आतंकियों को दोषी करार दिया है। इस मामले में अदालत 8 अप्रैल को सजा का ऐलान करेगी।
जज रमेश कुमार जोशी की अदालत ने दोषी करार दिए गए आरोपियों के नाम सैफुर्रहमान, मोहम्मद सैफ, मोहम्मद सरवर आजमी और शाहबाज अहमद हैं। इनमें से तीन आरोपियों को पूर्व में सीरियल ब्लास्ट केस में फांसी की सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में राजस्थान हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। फांसी की सजा के खिलाफ राज्य सरकार की अपील सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।

किस मामले में दोषी ठहराए गए?
13 मई 2008 को जयपुर में 8 सीरियल ब्लास्ट हुए थे, जिनमें 71 लोगों की जान गई और 185 से ज्यादा लोग घायल हुए। नौवां बम चांदपोल बाजार में एक गेस्ट हाउस के पास मिला था, जिसे बम डिफ्यूज स्क्वॉड ने विस्फोट से 15 मिनट पहले निष्क्रिय कर दिया था। अब इसी जिंदा बम से जुड़े केस में इन चारों को दोषी पाया गया है।
ATS की जांच और सबूत
ATS ने 25 दिसंबर 2019 को इन चारों आरोपियों को जेल से ही गिरफ्तार किया था और जिंदा बम मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें 112 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए, जिनमें पत्रकार प्रशांत टंडन, पूर्व एडीजी अरविंद कुमार और साइकिल मिस्त्री दिनेश महावर शामिल थे।
आरोपियों की दलीलें
आरोपियों की ओर से वकील मिन्हाजुल हक ने दलील दी कि इस केस में कोई भी चश्मदीद गवाह मौजूद नहीं है और मंदिर के सामने साइकिल किसने रखी, इसका कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले और बाकी ब्लास्ट केसों में तथ्य एक जैसे हैं, और इन्हीं तथ्यों पर हाईकोर्ट ने पहले बरी किया था।
जमानत और हिरासत
इस केस में सैफुर्रहमान और मोहम्मद सैफ पहले से जेल में हैं, जबकि सरवर आजमी और शाहबाज अहमद जमानत पर थे, जिन्हें अब कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस कस्टडी में ले लिया गया है।
जयपुर ब्लास्ट की टाइमलाइन: 13 मई 2008 को कहां-क्या हुआ?
समय स्थान जान-माल का नुकसान
7:20 PM खंदा माणकचौक 1 की मौत, 18 घायल
7:25 PM बड़ी चौपड़ 6 की मौत, 27 घायल
7:30 PM छोटी चौपड़ 7 की मौत, 17 घायल
7:30 PM त्रिपोलिया बाजार 5 की मौत, 4 घायल
7:30 PM चांदपोल बाजार 25 की मौत, 49 घायल
7:30 PM जौहरी बाजार 9 की मौत, 19 घायल
7:35 PM देवप्रकाश ज्वैलर्स 2 की मौत, 15 घायल
7:36 PM सांगानेरी गेट 17 की मौत, 36 घायल
9:00 PM (डिफ्यूज) चांदपोल गेस्ट हाउस बम मिला, समय रहते निष्क्रिय












Click it and Unblock the Notifications