CM भजनलाल शर्मा के शपथ लेते ही 3 IAS का तबादला, कौन हैं टी रविकांत, जो राजस्थान सीएम के प्रमुख सचिव बने
T Ravikant Rajasthan CM Principal Secretary: राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में सांगानेर से भाजपा विधायक भजन लाल शर्मा ने 15 दिसंबर 2023 को शपथ ली। सीएम के शपथ लेते ही राजस्थान में तीन आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
जयपुर के रामनिवास बाग में स्थित अल्बर्ट हॉल के सामने आयोजित समारोह में पद व गोपनीयता की शपथ लेने के बाद सीएम भजनलाल शर्मा, दो डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा सचिवालय पहुंचे। वहां पहुंचकर तीनों ने अपने-अपने कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया।

बता दें कि 1998 बैच के आईएएस अधिकारी टी रविकांत राजस्थान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के प्रमुख सचिव बनाए गए हैं। मूलरूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले आईएएस टी रविकांत को चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव पद से मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव पद का अस्थायी कार्यभार दिया गया है।
टी रविकांत के अलावा साल 2017 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. सौम्या झा को मुख्यमंत्री का संयुक्त सचिव बनाया गया है। इनको मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मुख्य परिचालन प्रबंधक, राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद के पद से सीएम संयुक्त सचिव का अस्थायी कार्यभार दिया गया है।

इसी तरह से साल 2007 बैच की आईएएस अधिकारी आनंदी को शासन सचिव सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के पद से राजस्थान मुख्यमंत्री सचिव पद का अस्थायी कार्यभार दिया गया है। तीनों आईएएस अधिकारियों के अस्थायी पदस्थापन के आदेश संयुक्त शासन सचिव अक्षय गोदारा के हस्ताक्षर से जारी हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications