राजस्थान बारिश अपडेट : कई जिलों में भारी बारिश, सीकर में बाढ़ जैसे हालात, इन चार जगहों पर अलर्ट
जयपुर। राजस्थान में सावन के बदरा झूमकर बरस रहे हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 48 घंटों के दौरान जोरदार बारिश हुई है। शेखावाटी के सीकर व झुंझुनूं में दो दिन से बारिश का दौर जारी है। वहीं मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान के चार जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें भरतपुर, धौलपुर, करौली और दौसा शामिल है।

शुक्रवार को यहां हो सकती है भारी बारिश
राजस्थान मौसम विभाग के अनुसार 26 जुलाई शुक्रवार से राजधानी जयपुर में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने जयपुर सहित भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, सवाईमाधोपुर, बारां, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़ के लिए 26 जुलाई का अलर्ट जारी किया है।

राजधानी जयपुर में बारिश हाल
राजधानी में बुधवार को बारिश का इंंतजार आखिर खत्म हुआ और 18 दिन बाद मानसून फिर सक्रिय नजर आया। दोपहर 3 बजे बारिश हुई और बादल घंटेभर तक जयपुर के कई इलाकों में बरसे। इस दौरान 27.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। रात 11.30 बजे तक 45.4 एमएम बारिश दर्ज हुई।

सीकर में नवलगढ़ पुलिस के पास छह फीट पानी भरा
सीकर जिले में पिछले 2 दिन से सीकर शहर सहित लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर, श्रीमाधोपुर, नीमकाथाना अजीतगढ़, खाटूश्यामजी, दातारामगढ़, लोसल लक्ष्मणगढ़, खंडेला, रींगस सहित कई इलाकों में बरसात का दौर जारी है। सीकर शहर के नवलगढ़ पुलिया के आसपास के इलाके में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। यहां पर 6 से 7 फीट पानी भर गया है। स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। सीकर शहर के अन्य निचले इलाकों में भी 3 फीट पानी भरने के समाचार हैं।

चिराना नदी में आया पानी
शेखावाटी के झुंझुनूं जिले पर भी बदरा मेहरबान है। झुंझुनूं के पहाड़ी इलाके उदयपुरवाटी में भी जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है। यहां पर चिराना नदी में पानी की अच्छी आवक हुई है, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही, वहीं उदयपुरवाटी-चिराना मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।












Click it and Unblock the Notifications