नए साल 2020 में भी राजस्थान के लोग नहीं भूल पाएंगे वर्ष 2019 की ये घटनाएं, कभी शर्मसार, कभी गौरवान्वित
जयपुर। साल 2019 की विदाई और नया साल 2020 आने में चंद दिन शेष हैं। इस बीच जानिए वर्ष 2019 राजस्थान के लिए कैसा रहा। राजनीति के लिहाज से लोकसभा चुनाव में जहां लोगों ने कांग्रेस की झोली पूरी तरह से खाली रखी। वहीं, कुछ समय बाद बसपा के सारे विधायकों को कांग्रेस ज्वाइन करवाकर सीएम अशोक गहलोत ने फिर कमाल की जादूगरी दिखाई।

मॉब लिचिंग के लिए देशभर में बदनाम हुए अलवर के दामन पर इस बार थानागाजी गैंगरेप के दाग लगे। सीकर और उदयपुर से दुल्हनों के अपहरण के मामले भी चौंकाने वाले रहे। वहीं, बाड़मेर की ग्रामीण महिला रूमा देवी सालभर छाई रहीं। जिस पर हर राजस्थानी को गर्व हुआ।

लोकसभा चुनाव 2019 : फिर कांग्रेस का सूपड़ा साफ
लोकसभा चुनाव 2019 में राजस्थान में 'हाथ' पर एक बार फिर से 'कमल' भारी पड़ा। विधानसभा चुनाव 2018 जीतकर राजस्थान की सत्ता में आई कांग्रेस पांच माह बाद ही हुए लोकसभा चुनावों में जीत का सिलसिला बरकरार नहीं रखी सकी। जबकि भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2014 की तरह पांच साल बाद 2019 में भी कांग्रेस का सूपड़ा किया। राजस्थान की 25 सीटों में से कहीं पर भी कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल सकी। 24 सीटें भाजपा ने जीती और एक सीट पर एनडीए के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल नागौर से सांसद बने।
चूरू में अब तक का सबसे जल्द फैसला, 4 साल की बच्ची से रेप के आरोपी को 17 दिन में उम्रकैद, पिता भी रेपिस्ट
गहलोत की जादूगरी : कांग्रेस के हुए बसपा के 6 एमएलए
2019 के लोकसभा चुनाव के अलावा राजस्थान में सियासी हलचल की जो सबसे चौंकाने वाली खबर थी वो ये कि विधानसभा चुनाव में बसपा की टिकट से जीतने वाले छहों विधायकों ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। करीब दस साल बाद एक बार फिर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 'जादूगरी' दिखाते हुए वर्ष 2008-09 की तरह बसपा के सभी विधायकों का कांग्रेस में विलय कर इतिहास दोहरा दिया।

गैंगरेप : अलवर देशभर में शर्मसार, पुलिस बेनकाब
पूरे देश को झकझोर देने और राजस्थान को शर्मसार कर देने वाली खबर अलवर जिले के थानागाजी पुलिस थाना इलाके से आई। यहां 26 अप्रेल 2019 को एक विवाहिता के साथ पांच युवकों ने उसके पति के सामने गैंगरेप किया। दम्पती मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक कर सड़क से दूर सूनसान जगह में वारदात को अंजाम दिया। दरिंदे यहीं नहीं रुके, बल्कि उनके 11 अश्लील वीडियो भी बना लिए। फिर उन्हें सोशल मीडिया में वायरल भी करवाया दिया। पीड़ित दम्पती ने 28 अप्रेल को थानागाजी पुलिस थाने में शिकायत दी, मगर चुनावों के चलते अलवर पुलिस मामले को दबाए रखी। राजस्थान में लोकसभा चुनाव 2019 के दोनों चरणों की मतदान प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद 7 मई को यह मामला सुर्खियों में आया। पुलिस पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने के आरोप लगे। राज्य सरकार ने अलवर के एसपी राजीव पचार को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया। थानागाजी एसएचओ सरदार सिंह को निलंबित किए जाने के साथ ही थानागाजी पुलिस थाने का पूरा स्टाफ बदल डाला।

जयपुर शास्त्री नगर बालिका रेप केस
22 जून और 1 जुलाई को भट्टा बस्ती में पांच और सात साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म के मामले ने हर किसी को झकझोर दिया। इसके बाद बच्चियों के समुदाय से जुड़े लोगों ने जयपुर के शास्त्री नगर इलाके में जमकर उपद्रव मचाया। गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ व पथराव किया। कई दिन तक इंटरनेट सेवा बंद करनी पड़ी। वारदात के पांच दिन बाद पुलिस ने आरोपी जीवाणु को कोटा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में जीवाणु के करीब 30 मुकदमे दर्ज होने और किन्नरों सहित अन्य लोगों से समलैंगिक संबंध होने तथा कई अन्य गंदी वारदातों का खुलासा हुआ। दिसम्बर 2019 में खबर आई कि जीवाणु ने जिस बालिका के साथ दुष्कर्म किया था। उसे घटना की वजह से एचआईवी हो गया।

सीकर-उदयपुर से दुल्हनों का अपहरण
राजस्थान की दो दुल्हनों का मायके से विदाई के बाद रास्ते में अपहरण किए जाने के मामले भी सुर्खियों में रहे। पहला मामला 16 अप्रेल 2019 को सीकर जिले के धोद इलाके के गांव नागवा से सामने आया। यहां पर अंकित नाम के युवक ने अपनी कथित प्रेमिका दुल्हन हंसा का अपहरण कर लिया था। दोनों सीकर से देहरादून चले गए और वहां कोर्ट मैरिज करने की तैयारियों के बीच 20 अप्रेल को पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया। सीकर दुल्हन अपहरण केस शांत भी नहीं हुआ था कि अगले ही माह 7 मई को उदयपुर जिले के हिरणमगरी पुलिस थाना इलाके के सीवना के पास से एक प्रेमी प्रियांक ने अपनी दुल्हन प्रेमिका विनिता का अपहरण कर लिया। आरोपी ने दूल्हे के साथ मारपीट भी की। 21 घंटे बाद दोनों जयपुर सिंधी कैंप से पकड़े गए थे।

बाड़मेर की रूमा देवी को नारी शक्ति पुरस्कार, केबीसी में भी दिखीं
राजस्थान के मंगला बेरी गांव की रूमा देवी देशभर में छाईं। साल 2019 में तीन उपलब्ध्यिां इनके नाम रहीं। विश्व महिला दिवस 2019 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों रूमा देवी ने नारी शक्ति अवार्ड पाया। जुलाई 2019 में रूमा देवी को डिजायनर ऑफ द ईयर 2019 का अवार्ड से नवाजा गया है। रूमा देवी राजस्थान के सरहदी इलाके बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर के 75 गांवों की 22 हजार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ राजस्थान के हस्तशिल्प उत्पादों को इंटरनेशनल स्तर पर पहुंचा दिया। फिर सितंबर 2019 में कौन बनेगा करोड़पति के कर्मवीर एपिसोड में भी रूमा देवी नजर आईं। केबीसी में 12 सवालों के जवाब देकर साढ़े बारह लाख रुपए जीते।












Click it and Unblock the Notifications