Rajasthan में गुजरात के नेता तैयार करेंगे भाजपा की चुनावी रणनीति, सीआर पाटिल करेंगे इंटरनल सर्वे
राजस्थान में भाजपा की चुनावी रणनीति गुजरात के नेता तय करेंगे। गुजरात प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल प्रदेश में इंटरनल सर्वे करेंगे। पाटिल पीएम मोदी के करीबी नेता हैं। गुजरात की जीत का श्रेय मोदी ने पाटिल को दिया था।

Rajasthan में विधानसभा चुनाव को लेकर गुजरात के नेता रणनीति तय करेंगे। गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नवसारी से सांसद सीआर पाटिल राजस्थान में पार्टी के लिए इंटरनल सर्वे करेंगे। पाटिल अपनी रिपोर्ट पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौपेंगे। इसी रिपोर्ट के आधार पर पार्टी राजस्थान में चुनावी रणनीति तैयार करेगी। सर्वे के दौरान गुजरात के जीते हुए कुछ चुनिंदा विधायक और नेता भी पाटिल की टीम में शामिल हो सकते हैं। भाजपा के सूत्रों की माने तो पाटिल राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का सर्वे, सीएम फेस, पार्टी किन मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी इसे लेकर इंटरनल सर्वे करेंगे। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट में चुनावी मुद्दों को लेकर जिक्र होगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी राजस्थान में पार्टी को मजबूत बनाने में असफल रहे हैं। पार्टी इस पर भी मंथन कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी पाटिल को राजस्थान में प्रभारी भी बना सकती है।

जानिए कौन हैं सीआर पाटिल
गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल नवसारी से सांसद भी हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव में पाटिल का बूथ मैनेजमेंट जबरदस्त था। पीएम मोदी ने गुजरात चुनाव की जीत के जश्न के दौरान प्रदेश में जीत का श्रेय सीआर पाटिल को दिया था। पाटिल नरेंद्र मोदी के करीबी नेताओं में शामिल है। वह मूलतः महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पाटिल पहले गैर गुजराती प्रदेश अध्यक्ष हैं। नरेंद्र मोदी ही उन्हें गुजरात लेकर आए थे। पीएम मोदी के करीबी होने की वजह से पाटिल का नाम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में भी शामिल है।

पार्टी हाईकमान प्रदेश नेतृत्व से नाखुश
राजस्थान में पिछले दिनों की जनाक्रोश यात्रा की असफलता को लेकर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व खफा और चिंतित है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को बदले जाने की भी लंबे समय से चर्चाएं हैं। राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव है। ऐसे में पार्टी को भीतर ही भीतर चुनाव जीतने की चिंता सता रही है। राजस्थान में नेताओं की विवाद से ऊपर उठकर भाजपा सत्ता में आना चाहती है। इसके लिए नेताओं का एकजुट होना जरूरी है। ऐसे में पार्टी सीआर पाटिल को राजस्थान भेजकर अपने स्तर पर फीडबैक लेना चाहती है।

राजस्थान में सीएम फेस को लेकर है विवाद
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं के बीच आपसी खींचतान हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस गुटबाजी से खफा है। राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी से हाईकमान परेशान हैं। राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन मेघवाल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, ओम माथुर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सीएम बनने की दौड़ में शामिल है। पार्टी के भीतर कई मौकों पर गुटबाजी उभरकर सामने आ जाती है।












Click it and Unblock the Notifications