राजस्थान में गहलोत सरकार एक अप्रैल से समर्थन मूल्य पर शुरू करेगी फसलों की खरीद
जयपुर। अशोक गहलोत सरकार किसानों से कल से समर्थन मूल्य पर उपज की खरीद शुरू करेगी. सरसों और चने की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए 25 मार्च से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया था. किसान ध्यान रखें कि एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही पंजीयन किया जा सकेगा. बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही किसानों का पंजीयन हो सकेगा.

सरसों 4650 रुपये, चना 5100 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर
राजस्थान (Rajasthan News) में 1 अप्रैल से सरसो और चने की समर्थन मूल्य पर खरीद होगी. सरसों के 651 और चने के 651 केन्द्रों पर खरीद शुरू की जाएगी. किसानों (Farmers) से समर्थन मूल्य पर चना की 6 लाख 14 हजार 900 मीट्रिक टन और सरसों की 12 लाख 22 हजार 775 मीट्रिक टन की खरीद की जाएगी. किसानों की सुविधा के लिए सरसों और चने क्रय-विक्रय सहकारी समितियों पर 264-264 केन्द्र और ग्राम सेवा सहकारी समितियों पर 387-387 खरीद केन्द्र खोले गए हैं. निर्धारित केन्द्रों पर सरसों 4650 रुपये और चना 5100 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदा जाएगा.
पंजीयन के समय किसान लेकर आये ये दस्तावेज
किसान के उपज के सही मूल्य मिलने के हक को कोई छीन न सके, इसे सुनिश्चित करने के लिये ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में पुख्ता व्यवस्था की गई है. किसान ई-मित्र केन्द्र या संबंधित खरीद केन्द्र पर रजिस्ट्रेशन करवा सकता है. पंजीयन के लिए जनआधार कार्ड, बैंक पासबुक आवश्यक दस्तावेज है, जिन केन्द्रों पर ऑनलाइन गिरदावरी की सुविधा उपलब्ध है, वहां किसान ऑनलाइन गिरदावरी प्राप्त कर सकते हैं. पटवारियों की हड़ताल के चलते किसानों को गिरदावरी प्राप्त करने में असुविधा न हो इस उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा समर्थन मूल्य पर सरसों और चना खरीद, पंजीयन के लिए कृषि पर्यवेक्षकों को गत वर्ष की जारी गिरदावरी रिपोर्ट को इस वर्ष के लिए प्रमाणित करने के लिए अधिकृत कर दिया गया है.
एक मोबाइल नम्बर पर एक किसान का ही होगा रजिस्ट्रेशन
एक मोबाइल नम्बर पर एक ही किसान का पंजीयन किया जाएगा पंजीयन का कार्य सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक होगा. किसान की कृषि भूमि जिस तहसील में होगी उसी तहसील के कार्यक्षेत्र में आने वाले खरीद केन्द्र का चयन रजिस्ट्रेशन के दौरान कर सकेगा. किसान को उसकी पंजीकरण दिनांक के आधार पर सॉफ्टवेयर द्वारा वरीयता के अनुसार तुलाई के लिए तारीख और जिन्स की मात्रा का आवंटन किया जायेगा. इसकी सूचना किसान के पंजीकृत मोबाइल पर एसएमएस द्वारा दी जायेगी. किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, उपज के बेचान और भुगतान के संबंध किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए वे टोल फ्री नम्बर 18001806001 पर फोन कर समस्या का समाधान करवा सकते हैं.












Click it and Unblock the Notifications