Rajasthan में ओबीसी आरक्षण को लेकर पूर्व मंत्री हरीश चौधरी ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, जानिए पूरा मामला
Rajasthan में कांग्रेस सरकार के मंत्री और विधायक अपनी ही सरकार के खिलाफ आए दिन विरोध कर रहे हैं। ओबीसी आरक्षण को लेकर पूर्व मंत्री और बायतु से कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी ने सरकार के खिलाफ फिर मोर्चा खोल दिया है। हरीश चौधरी ने ओबीसी विसंगति को दूर करने के लिए कैबिनेट में रखे प्रस्ताव पर विरोध करने वालों पर हमला बोला है। कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री हरीश चौधरी ने विरोध करते हुए लिखा कि कल कैबिनेट मीटिंग में इस संबंध में रखे गए प्रस्ताव के बावजूद एक विचारधारा विशेष के लोगों द्वारा इसका विरोध चौंकाने वाला है। हरीश चौधरी ने ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मैं स्तब्ध हूँ। आखिर क्या चाहते हैं आप। मैं ओबीसी वर्ग को विश्वास दिलाता हूँ कि इस मामले को लेकर जो लड़ाई लड़नी पड़ेगी लडूंगा।

मंत्रिमंडल की बैठक में प्रताप सिंह खाचरियावास ने किया था विरोध
मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने इसे लेकर अपनी बात रखते हुए और सोचने की बात कही। कैबिनेट के सदस्य की ओर से रखी बात के बाद प्रस्ताव को डेफर किया गया। इस मामले को लेकर हरीश चौधरी के नेतृत्व में आंदोलन किया गया। कैबिनेट में विरोध के बाद हरीश चौधरी ने मुख्यमंत्री समेत बिना नाम लिए मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास पर भी हमला बोला है।

युवाओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
कैबिनेट में विरोध करने और विसंगतियों को दूर नहीं करने को लेकर युवाओं का विरोध तेज हो गया है। ओबीसी आरक्षण संघर्ष समिति के सदस्य राम सिंह सामोता ने कहा कि विपरीत मानसिकता के लोगों ने विरोध कर अपनी सोच सभी को बता दी है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में ईडब्ल्यूएस आरक्षण और एमबीसी आरक्षण लाया गया। तब किसी ने विरोध नहीं किया। अब सरकार और विरोध करने वाले इसका खामियाजा भुगतने के लिए तैयार रहें। राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव के मुताबिक कैबिनेट मीटिंग में यह देखने को मिला। इसकी वजह से ओबीसी के युवा हताश हैं। उन्होंने मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास को ट्वीट कर चेतावनी देते हुए कहा कि ओबीसी आरक्षण की विसंगतियों को दूर करने का फैसला होने वाला था। लेकिन आपने इस फैसले का विरोध किया।

प्रताप सिंह खाचरियावास बोले बेवजह बदनाम करने की साजिश
ओबीसी मामले को लेकर प्रताप सिंह खाचरियावास ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में बेवजह बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। जाति के नाम पर कोई पॉलिटिक्स नहीं करता। जिन नेताओं द्वारा ट्रेंड कराया गया है। वह सुन लें मैं किसी से नहीं डरता। कैबिनेट की बैठक में यह कहा था कि सभी जाति के लोगों और डिफेंस के लोगों को बुलाकर उनसे राय लेकर निर्णय करना चाहिए।

सीएम अशोक गहलोत ने कैबिनेट बैठक में निस्तारण का दिलाया भरोसा
हिमाचल चुनाव में व्यस्त चल रहे हरीश चौधरी की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हिमाचल में बातचीत हुई। जिसमें विसंगतियों को दूर करने का आश्वासन दिया गया था। बैठक से पहले हरीश चौधरी ने ट्वीट कर बताया था कि शिमला में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात हुई थी और उन्होंने बहुत जल्दी ही कैबिनेट की बैठक बुलाकर ओबीसी आरक्षण विसंगति मामले का निस्तारण करने का भरोसा दिया था। वही सीएम ने गुजरात में सत्याग्रह कर रहे बेरोजगारों को भी कैबिनेट बैठक में ओबीसी विसंगतियों को दूर कर जल्द आदेश जारी करने की बात कही थी। लेकिन बैठक में कोई फैसला नहीं हो पाया।












Click it and Unblock the Notifications