Rajasthan में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के जरिए राहुल गांधी का संदेश जनता के बीच ले जाएगी कांग्रेस, जानिए रणनीति
राजस्थान में कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के जरिए राहुल गांधी के संदेश को आम जनता के बीच लेकर जाएगी। प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा आज पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। अभियान की शुरुआत 26 जनवरी से होगी।
Rajasthan में राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा के संदेश कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के जरिए बूथ स्तर तक ले जाने का काम करेगी। 26 जनवरी से शुरू हो रहा यह अभियान दो माह तक चलेगा। राजस्थान में अभियान को लेकर प्रदेश कांग्रेस में तैयारी शुरू करते हुए जिला समन्वयक को नियुक्त कर दिशा निर्देश दे दिए हैं। प्रदेश में अभियान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक वाइज चलाया जाएगा। जिसमें स्थानीय विधायकों, प्रत्याशियों और पदाधिकारियों को सभी से जुड़ने का टास्क दिया गया है। अभियान की तैयारियों और आवश्यक दिशा निर्देश देने के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा रविवार को बैठक लेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, अभियान के जिला समन्वयक, मंत्री, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

अभियान में स्थानीय समस्याओं और सुझाव किए जाएंगे दर्ज
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि दो माह तक चलने वाले इस अभियान में एक माह ब्लॉक को कवर किया जाएगा। जिसमें पदाधिकारी प्रत्याशी और विधायक बूथ तक जाएंगे। इसके साथ ही राहुल गांधी के संदेश के साथ सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। डोटासरा ने कहा कि अभियान के दौरान जनसुनवाई भी होगी। स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने का काम किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर समाधान होने वाली समस्याओं को स्थानीय स्तर और सरकार एवं प्रशासन स्तर पर होने वाली समस्याओं को नोट कर सरकार को भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बजट पास किया जाएगा। साथ ही आमजन के सुझाव और शिकायतों को पीसीसी में भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं।

जल्द होगी शेष ब्लॉक और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति
प्रदेश कांग्रेस में डैमेज कंट्रोल करने के लिए बीते 4 दिनों में 400 में से 188 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई। वही तीन जिलों सहित बसपा से कांग्रेस में आए छह विधायकों के क्षेत्रों और तेरह निर्दलीय विधायकों में से भी 9 निर्दलीय विधायकों के क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति होना बाकी है। जिसको लेकर माना जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को महत्व देने के लिए इन क्षेत्रों में अभी ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त नहीं किए गए हैं। कांग्रेस इन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भी वरीयता देगी। शेष ब्लॉक अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि मूलतः कांग्रेस विचारधारा और काम करने वाले कार्यकर्ताओं को महत्व देते हुए जल्द ही शेष ब्लॉकों के अध्यक्ष भी मनाए जाएंगे। जिनकी सूची रोजाना जारी हो रही है। इसी तरह जिला अध्यक्ष भी नियुक्त किए जाएंगे।













Click it and Unblock the Notifications