CM Ashok Gehlot ने सवा लाख दीपदान से किया पुष्कर मेले का आगाज, सीएम ने किया राजीविका की प्रदर्शनी का अवलोकन
Rajasthan में दो साल के लंबे अंतराल के बाद मंगलवार को अजमेर के पुष्कर में विश्व प्रसिद्ध मेले का आगाज हुआ। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधिवत पूजा-अर्चना व झंडारोहण के साथ पुष्कर मेले का शुभारंभ किया। गहलोत ने पुष्कर सरोवर की पूजा अर्चना कर देश में खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री गहलोत ने पवित्र पुष्कर सरोवर के ब्रह्म घाट पर सरोवर अभिषेक, महाआरती और दीप दान कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने पुष्कर सरोवर के घाटों पर दीपदान किया। सरोवर के 52 घाटों पर सवा लाख दीपों के दीपदान एवं महाआरती की गई। गहलोत ने कहा कि इस भव्य उद्घाटन कार्यक्रम के माध्यम से एक नई शुरुआत की गई है। पुष्कर का मेला पूरी दुनिया में विख्यात है। आजादी के बाद पुष्कर तीर्थ में पहली बार ऐसा दृश्य देखने को मिला है।

11 करोड से होगा पुष्कर का विकास
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अजमेर और पुष्कर में 110 करोड रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसमें स्मार्ट सिटी, अजमेर विकास प्राधिकरण एवं वन विभाग के तहत विभिन्न विकास कार्य शामिल है। गहलोत ने कहा कि सरोवर में गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। करीब 11 करोड़ रुपए से पुष्कर का विकास कराया जाएगा। घाटों का जीर्णोद्धार एवं अन्य विकास कार्य जल्द पूरे किए जाएंगे।

सीएम गहलोत के कार्यकाल में आमजन के हित के लिए हुए ऐतिहासिक फैसले
कार्यक्रम में राजस्थान राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में आमजन के हित के लिए ऐतिहासिक फैसले हुए हैं। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, निशुल्क जांच एवं उपचार तथा अन्य फ्लैगशिप योजनाओं से करोड़ों लोगों को राहत मिली है।

सीएम गहलोत ने किया राजीविका विकास प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इससे पहले मेला स्थल पर लगी राजीविका विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विकास प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से बातचीत की। राजीविका की अजमेर जिला परियोजना अधिकारी दिशी शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राजीविका द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की सराहना की है।












Click it and Unblock the Notifications