भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा हुए कोरोना संक्रमित, संपर्क में आने वालों से कहा- अपनी सेहत का ख्याल रखें
जयपुर। राजस्थान में भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उनके स्टाफ की भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनको महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी जानकारी भाजपा सांसद ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दी। इन दिनों वे कई भाजपा नेताओं से मिले हैं जिनसे अपनी सेहत का ख्याल रखने की अपील उन्होंने की है। डॉक्टर मीणा के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया है।
Recommended Video

ट्विटर पर डॉक्टर मीणा ने लिखा, 'मेरी तबियत पिछले कई दिनों से खराब थी व आज मेरी व निजी स्टाफ की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी महात्मा गांधी अस्पताल जयपुर में भर्ती हूं । मेरा आग्रह है कि पिछले 10 दिनों में मेरे संपर्क में जो भी आया है वो अपनी सेहत का ख्याल रखे। आप सब की दुआओं से जल्द ही स्वस्थ हो जाऊंगा।

बताया जा रहा है कि पिछले दस दिनों में डॉक्टर मीणा सतीश पुनिया, राजेंद्र राठौड़, गोपी चंद मीणा और हनुमान बेनीवाल समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के संपर्क में आए हैं। राजस्थान में हो रही सियासी उठापटक के बीच डॉक्टर मीणा इन दिनों दौसा भी गए थे और यहां कई भाजपा नेताओं से मिले थे। उनके कोरोना पॉजिटिव आने के बाद नेताओं में हड़कंप मचा हुआ है।
राजस्थान में कोरोना वायरस के 375 नए मामले
राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 375 नए मामले और 4 की मौत होने की सूचना है। प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राजस्थान में संक्रमित मामलों की संख्या 33,595 तक पहुंच चुकी है। फिलहाल 9,125 मरीजों में वायरस एक्टिव है। प्रदेश में इस बीमारी से अब तक 598 मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर रघु शर्मा ने बताया कि जहां संक्रमित मरीज ज्यादा आ रहे हैं, वहां रैंडम और क्लस्टर सैंपलिंग के जरिए टेस्टिंग बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत जोधपुर से की जाएगी। राजस्थान में मृत्यु दर अभी 1.38 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आईसीएमआर की अनुमति के बाद बड़े अस्पतालों में भी प्लाज्मा थेरेपी के जरिए मरीजों का उपचार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications