Rajasthan में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से पहले प्रदेश में रथयात्रा निकालेगी भाजपा, जानिए पूरी वजह
Rajasthan में चुनाव भले ही अभी एक वर्ष दूर हो। लेकिन सियासी भिड़ंत की तैयारियां शुरू हो गई है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान पहुंचेगी। जिसे लेकर कांग्रेस उत्साह में है। भाजपा ने कांग्रेस के उत्साह को भंग करने के लिए राहुल गांधी की यात्रा से पहले प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में रथयात्रा निकालने का फैसला किया है। यह यात्राएं 17 नवंबर से 17 दिसंबर के बीच निकाली जाएगी। यह वही समय होगा जब राहुल गांधी प्रदेश के झालावाड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश करेंगे। इस दौरान राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सवाई माधोपुर, दौसा, अलवर होते हुए हरियाणा की तरफ जाएगी। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में अपनी सरकार के 4 साल पूरे होने पर जश्न मनाने की तैयारियां कर रही है। भाजपा ने इसके लिए 4 वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में जन आक्रोश समिति का गठन किया है। इसमें पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी और राजसमंद सांसद दिया कुमारी शामिल है। यह रथ यात्राएं सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में 7 से 10 दिनों तक निकाली जाएगी। इस दौरान भाजपा अपने सभी 1100 मंडलों और 52 हजार मतदान बूथों को कवर करेगी। हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के जिलाध्यक्ष, वर्तमान विधायक, पूर्व भाजपा प्रत्याशी, पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के सदस्य आदि शामिल होंगे।

राहुल गांधी 6 दिसंबर को आएंगे राजस्थान
भाजपा इस रथयात्रा को निकालकर कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने लाना चाहती है। साथ ही राहुल गांधी की यात्रा के लिए जनता के बीच कोई सहानुभूति नहीं बनने देना चाहेगी। राहुल की यात्रा अभी आंध्र प्रदेश में है। 6 दिसंबर को वे राजस्थान के झालावाड़ जिले के पीपाड़ा क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। भाजपा की जन आक्रोश समिति के सदस्य वासुदेव देवनानी के मुताबिक 200 विधानसभा सीटों में 200 रथयात्रा निकलनी हैं। यह रथयात्रा पार्टी को मजबूती देने वाली साबित होगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह और विश्वास का संचार होगा। पार्टी ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है।

पार्टी के शीर्ष नेता भी होंगे शामिल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया आमेर की रथ यात्रा में शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी पूनिया जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झालरापाटन में रथ यात्रा में शामिल होंगी। उन्हें भी अन्य क्षेत्रों में भी शामिल होना है। बहुत से विधायक उन्हें अपने क्षेत्र में बुलाना चाहेंगे। इनके अतिरिक्त विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, सहित पूर्व मंत्री पुष्पेंद्र सिंह बाली, पूर्व मंत्री कालीचरण सर्राफ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री मदन दिलावर जैसे वरिष्ठ राजनेताओं सहित पार्टी के सभी सांसद और चारों केंद्रीय मंत्री भी अपने-अपने क्षेत्रों में रथयात्रा में शिरकत करेंगे। कोई भी विधायक, पूर्व प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष किसी क्षेत्र विशेष में अगर किसी भी वरिष्ठ राजनेता को रथयात्रा में बुलाना चाहेगा तो बुला सकेगा।













Click it and Unblock the Notifications