RCA चुनाव पर 14 नवम्बर तक रोक जारी, हाईकोर्ट ने माँगा दौसा जिला संघ से जवाब
Rajasthan क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव को लेकर हाईकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए 14 नवंबर को आगामी तारीख निश्चित की है। इसी के साथ चुनाव पर भी 14 नवंबर तक रोक जारी रहेगी। जस्टिस महेंद्र कुमार गोयल ने दौसा जिला संघ से जवाब मांगते हुए चुनाव प्रक्रिया पर रोक जारी रखने के आदेश दिए हैं।

कोर्ट का फैसला आने तक नहीं होंगे चुनाव
नागौर जिला क्रिकेट संघ के सचिव राजेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले की कोर्ट में सुनवाई चल रही है। हमें न्याय प्रक्रिया पर पूरा विश्वास है। लेकिन जब तक आरसीए के संविधान में संशोधन नहीं होगा। हम किसी भी सूरत में चुनाव नहीं होने देंगे।

आरसीए में लाभ का पद देने से हुआ विवाद
हाईकोर्ट में नागौर, श्रीगंगानगर, दौसा और अलवर क्रिकेट जिला संघों ने याचिका दायर की थी। इस याचिका में कहा गया कि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राम लुभाया को राज्य सरकार ने लाभ का पद दिया है। ऐसे में उन्होंने चुनाव अधिकारी की निष्पक्षता पर याचिका में सवाल उठाए हैं। याचिका में कहा गया है कि राम लुभाया चुनावों में सीएम गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को फायदा पहुंचाएंगे। ऐसे में निष्पक्ष चुनाव अधिकारी बनाए जाने तक चुनाव स्थगित किए जाने चाहिए। इस पर अदालत ने चुनाव से ठीक एक दिन पहले 29 सितंबर को चुनाव स्थगित करने का आदेश दिया है। इसके बाद हुई सुनवाई में रोक को 14 नवंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है।













Click it and Unblock the Notifications