राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अशोक गहलोत दाखिल करेंगे नामांकन, राजस्थान के मुख्यमंत्री बने रहने की सम्भावना
जयपुर, 21 सितंबर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनने के पूरे आसार हैं। गहलोत को दिल्ली दौरे के दौरान गांधी परिवार उनके नाम पर मुहर लगा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केसी वेणुगोपाल को दिल्ली बुलाकर उनसे चर्चा की है। सूत्रों की माने तो राहुल गांधी भी दिल्ली आ सकते हैं। हालांकि उनके आने को लेकर असमंजस बना हुआ है। लेकिन यह तय है कि अशोक गहलोत की राहुल गांधी से मुलाकात होगी। गहलोत की राहुल गांधी से मुलाकात दिल्ली में होती है या कोच्चि में यह देखने वाली बात होगी। लेकिन तय है कि गहलोत की सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल के साथ राहुल गांधी से मुलाकात के बाद ही उनके नामांकन की तारीख तय होगी।

24 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर नामांकन प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी। 30 सितंबर तक नामांकन भरे जाएंगे। माना जा रहा है कि अंतिम समय में अगर कोई बदलाव नहीं होता तो गहलोत 26 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्रों में गांधी परिवार की तरफ से नामांकन दाखिल कर सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो अशोक गहलोत कांग्रेस के नए अध्यक्ष के तौर पर पार्टी की कमान संभालेंगे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री पद को लेकर संशय बरकरार
कांग्रेस पार्टी में 22 साल बाद कोई गैर गांधी परिवार का व्यक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेगा। कांग्रेस नेता शशि थरूर भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर सकते हैं। लेकिन थरूर की जीत की संभावनाएं बहुत कम है। पार्टी के राज्यों से बनाए गए पीसीसी सदस्य गांधी परिवार समर्थक को ही अपना वोट देंगे। ऐसे में अशोक गहलोत की जीत तय मानी जा रही है। गहलोत के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री बने रहने के भी पूरे आसार हैं। ऐसे में राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर संशय की स्थिति है।













Click it and Unblock the Notifications