अपहरण केस जयपुर : आमेर पुलिस 18 घंटे में अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़वाया, मांंगी थी 24 लाख की फिरौती
जयपुर, 22 जुलाई। राजस्थान की राजधानी जयपुर के कूकस में अपने ताऊ के लड़के को सवाईमाधोपुर से परीक्षा दिलवाने लेकर आए एक युवक का तीन बदमाशों ने अपहरण कर लिया। वे उसे आमेर से दिल्ली लेकर चले गए। इसके बाद अपहृत युवक के भाई को फोन कर अपहरण की सूचना दी और युवक को छोड़ने की एवज में 24 लाख रुपए फिरौती की मांग की।

घटना के 18 घंटे के भीतर पुलिस ने तकनीकी पड़ताल कर अपहरणकर्ताओं का पीछा किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस की मदद से अपहृत युवक को दिल्ली के संगम विहार से आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनका एक साथी फरार है।
जयपुर डीसीपी (नार्थ) ऋचा तोमर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजू मीणा (35) गांव रुंध सिरावास पुलिस थाना सदर जिला अलवर का रहने वाला है। दूसरा आरोपी हंसराज मीणा (19) गांव बंदमुजफर थाना विराटनगर जिला जयपुर ग्रामीण है। जबकि तीसरा आरोपी जितेंद्र फरार है।
इनके खिलाफ सवाईमाधोपुर जिले के सुरवाल तहसील में भगवतगढ़ इलाके में सिरोही गांव के रहने वाले हरिकेश मीणा ने 20 जुलाई को आमेर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। जिसमें बताया कि उसका छोटा भाई राजमल मीणा 17 जुलाई को अपने ताऊजी के लड़के जीतू को परीक्षा दिलवाने जयपुर के आमेर कस्बे में कूकस लेकर आया था।
जीतू के परीक्षा केंद्र में जाने के बाद राजमल अपने परिचित खुशीराम, रामकेश व विनोद के साथ एक ढाबे पर जाकर बैठ गया। जब राजमल को उसके बड़े भाई हरिकेश ने फोन किया तो संपर्क नहीं हो सका। तब हरिकेश ने राजमल के दोस्त विजय को फोन किया।
विजय ने बताया कि राजमल को दो व्यक्ति अपनी बाइक पर बैठाकर लेकर गए थे। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है। कुछ घंटे बाद एक मोबाइल नंबरों से राजमल के भाई के मोबाइल पर फोन आया। जिसमें बदमाशों ने राजमल का अपहरण करने और उसे छोड़ने की एवज में 24 लाख रुपयों की फिरौती मांगी।
हरिकेश ने आमेर थाने में सूचना दी। एसीपी सौरभ तिवाड़ी व थानाप्रभारी शिवनारायण यादव के नेतृत्व में अलग अलग टीमें गठित कर लोकेशन के आधार पर रवाना की गई। पुलिस टीम अपहरणकर्ताओं का पीछा कर भिवाड़ी, गुरुग्राम से होकर दिल्ली पहुंची। दिल्ली पुलिस के सहयोग से दिल्ली के संगम विहार से दोनों आरोपियों को धरदबोचा। उनकी चंगुल से अपहृत राजमल को मुक्त करवाया और जयपुर ले आए।












Click it and Unblock the Notifications