Jaipur Loot : व्यापारी के परिवार को बंधक बनाकर 60 लाख नकदी व डेढ़ KG सोना लूटा, IT अफसर बनकर आए डकैत
जयपुर, 25 अगस्त। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बड़ी वारदात हुई है। आटा व्यापारी के घर में घुसे पांच डकैत 60 लाख रुपए की नकदी और डेढ़ किलो सोने के आभूषण लूट ले गए हैं। वारदात को अंजाम देने के लिए डकैत आईटी अफसर बनकर आए थे और फिर व्यापारी के दस परिजनों को बंधक बनाया। 15 साल के पोते पर पिस्टल तान दी। सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए करीब आधा घंटे तक घर खंगाला और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जयपुर के गलता गेट पुलिस थाना इलाके में बुधवार रात को हुई इस घटना केबदमाशों का अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है।

घर के बाहर एक कार खड़ी थी
मीडिया से बातचीत में व्यापारी सत्यनारायण तांबी ने बताया कि वो बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे बेटे हेमराज के साथ घर पहुंचे थे। तब घर के बाहर एक कार खड़ी थी। यही कार शाम को उन्होंने अपने ऑफिस के बाहर भ खड़ी देखी थी। पिता बेटे ने इसे एक इत्तेफाक समझकर घर में प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए।

घर में पांच डकैत घुसे
घर में पांच डकैत घुसे हुए थे। उन्होंने सत्यनारायण की 90 वर्षीय मां मोही देवी, पत्नी संतोष, बेटा जीतेंद्र, दो पुत्रवधू रितु और प्रियंका और तीन बच्चों श्रेयांश, केशव व समर्थ को बंधक बना रखा था। 15 साल के पोते केशव के सिर पर पिस्टल तान रखी थी। बदमाशों ने उन सबके मुंह पर टेप लगा रखी थी। घर में घुसते ही उन्होंने सत्यनारायण व उनके बेटे हेमराज को भी बंधक बना लिया था। फिर वे अलमारियों के बारे में पूछा। जान से मारने की धमकी देकर चाबी ली और आधे घंटे तक घर को खंगाला।

नकदी और डेढ़ किलो सोने के जेवर बैग में भरकर भाग गए
फिर करीब 60 लाख रुपए की नकदी और डेढ़ किलो सोने के जेवर बैग में भरकर भाग गए। उनके जाने के बाद सत्यनारायण के परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसे सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों के रिकॉर्ड खंगाले। उन्हीं के आधार पर जांच पड़ताल शुरू की।

पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं लगा
सीसीटीवी कैमरे तो सत्यनारायण के घर पर भी लगे थे, मगर बदमाश उनकी डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की लग्जरी कार के आधार पर नाकाबंदी कराई, लेकिन गुरुवार सुबह तक पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं लगा।

दिल्ली रोड की तरफ जाते दिखाई दे रहे
वारदात के बाद सत्यनारायण के घर से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी के फुटेज में तीन बदमाश वारदात के बाद उसी गाड़ी में सवार होकर दिल्ली रोड की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों के इनपुट, डकैतों के वाहन और हुलिए के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।

पहले रैकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि डकैतों ने पहले रैकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया। घर में घुसे डकैतों को परिवार के हर सदस्य के मूवमेंट की जानकारी थी। दुकान से कारोबारी का घर मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर है। वे आईटी अफसर बनकर घर में दाखिल हुए थे। नकाब भी नहीं पहन रखा था। शाम साढ़े सात बजे जब व्यापारी के घर में काम करने वाले 6 मजदूर और 2 मुनीम चले गए तब वे घर में घुसे।












Click it and Unblock the Notifications