राष्ट्रपति चुनाव 2022 : राजस्थान के 198 विधायकों ने दिया वोट, MLA रोत व शर्मा ने क्यों नहीं किया मतदान?
जयपुर, 18 जुलाई। भारत के 15वें राष्ट्रपति के 18 जुलाई 2022 को मतदान हुआ है। देशभर से कुल 4800 निर्वाचित सांसद और विधायकों ने भाजपा की अगवाई वाले एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के लिए वोट डाले। शाम को पांच बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियां दिल्ली लाई जानी शुरू हो गई। भारत के नए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे 21 जुलाई 2022 को आएंगे। भारत के 15वें राष्ट्रपति के लिए 99.18 प्रतिशत मतदान हुआ है।

इधर, बात अगर राजस्थान की करें तो यहां 200 विधायकों में से 198 विधायकों में विधानसभा पहुंचकर राष्ट्रपति चुनाव 2022 में मतदान किया है। बीटीपी के विधायक राजकुमार रोत और कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा वोट करने नहीं आए।
ऐसे में शर्मा व रोत राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट देने नहीं आ पाए
खबर है कि राजस्थान के डूंगरपुर जिले की चौरासी विधानसभा सीट से भारतीय ट्राइबल पार्टी के विधायक राजकुमार रोत के बेटे की तबीयत खराब है। वहीं, इनके किसी रिश्तेदार का निधन भी हुआ है। इधर, चूरू जिले की सरदारशहर सीट से कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा की खुद की तबीयत खराब है। ऐसे में शर्मा व रोत राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट देने नहीं आ पाए।
विधायक शोभा रानी कुशवाहा भी राष्ट्रपति चुनाव 2022 में वोट देने पहुंचीं
बता दें कि राज्यसभा चुनाव 2022 में राजस्थान से क्रॉस वोटिंग कर चर्चा में आई भाजपा से निष्कासित विधायक शोभा रानी कुशवाहा भी राष्ट्रपति चुनाव 2022 में वोट देने पहुंचीं। विधायक कुशवाहा को सरकारी उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी ने रिसीव किया और फिर उन्होंने ने अपना वोट डाला। राज्यसभा चुनाव 2022 में शोभारानी को भाजपा ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट देने के कारण निष्कासित कर दिया था।
दस बजे से राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ
बता दें कि 18 जुलाई को राजस्थान विधानसभा में सुबह दस बजे से राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। सबसे पहले भाजपा एमएलए रामप्रताप कासनियां ने मतदान किया। सबसे आखिरी में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने वोट डाला। दोपहर तक सीएम अशोक गहलोत सेत करीब 193 विधायकों ने वोट दे दिए थे। फिर मतदान समाप्ति तक आंकड़ा 198 तक पहुंच गया था।












Click it and Unblock the Notifications