निजी स्कूलों के 10 हजार शिक्षक करेंगे राजभवन का कूच, 10 नवंबर को शहीद स्मारक पर देंगे धरना
जयपुर। फोरम ऑफ प्राइवेट स्कूल ऑफ राजस्थान लगातार सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का काम कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद सरकार द्वारा राजस्थान के 50 हजार निजी विद्यालयों और उनमें कार्यरत 11 लाख शिक्षकों की कथित अनदेखी की जा रही है।

राजस्थान सरकार के निराशाजनक रवैया को देखते हुए फॉर्म ऑफ प्राइवेट स्कूल ऑफ राजस्थान के तत्वावधान में निजी स्कूलों के 10,000 शिक्षक राज्यपाल तक अपनी पीड़ा पहुंचाने और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के लिए राजभवन का कूच करेंगे। इसके साथ ही सरकार के निराशाजनक रवैया के प्रति अपना विरोध दर्ज करवाने के लिए शहीद स्मारक पर धरना देंगे।
फोरम ऑफ प्राइवेट स्कूल ऑफ राजस्थान की हेमलता शर्मा के अनुसार 10 नवंबर को शिक्षकों द्वारा शहीद स्मारक पर धरना देना प्रस्तावित है। फोरम ऑफ प्राइवेट स्कूल ऑफ राजस्थान के अनिश्चितकालीन बंद को हरियाणा के बाद अब पंजाब राज्य का भी समर्थन प्राप्त हुआ है।
पंजाब प्राइवेट स्कूल्स ऑर्गेनाइजेशन की तरफ से राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर राजस्थान के निजी स्कूलों की पीड़ा को सुनने की अपील की गई है। इसके साथ ही राजस्थान के शिक्षा मंत्री द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान को लेकर रोष भी प्रकट किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications