Jabalpur News: स्वाइन फ्लू की दस्तक, तीन मरीज मिले संक्रमित, अलर्ट जारी
जबलपुर, 07 सितंबर: कोरोना से काफी हद तक राहत मिलने के बाद मध्यप्रदेश में अब स्वाइन फ्लू डराने लगा हैं। सुअरों से फैलने वाले एच1एन1 वायरस ने एक बार फिर जबलपुर दस्तक दे दी है। यहां तीन मरीज संक्रमित मिले हैं, जिसकी स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि की हैं। मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती संक्रमित मरीजों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की हैं।

तीन संक्रमित मरीजों की पुष्टि
कोरोना के केस थमने के बाद मप्र के जबलपुर में एक बार फिर स्वाइन फ्लू ने दस्तक दी हैं। बुधवार को इस बीमारी के लक्षण वाले तीन मरीज पॉजिटिव मिले। CMHO डॉ. संजय मिश्रा ने बताया कि पीड़ित मरीजों को सर्दी, खांसी, बुखार जैसे लक्षण थे। जिनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनकी कई तरह की जांच कराई गई, जिसमें स्वाइन फ्लू की जांच भी शामिल थी। तीनों मरीज पॉजिटिव मिले, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। पीड़ित एक महिला और दो पुरुष मरीजों को मेडिकल अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

बढ़ाई जाएगी स्वाइन फ्लू की सेम्पलिंग
स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने के बाद शहर में हडकंप मच गया हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्वाइन फ्लू लक्षण वाले मरीजों के सेम्पल बढाए जाएंगे। इसके साथ ही मेडिकल अस्पताल में ऐसे पीड़ित मरीजों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई हैं। सभी मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में हैं। विभाग के द्वारा आम लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है कि यदि बीमारी से संबंधित कोई लक्षण प्रतीत होते है, वह फ़ौरन अपनी जांच कराए।

WHO ने 2009 में घोषित किया था महामारी
एच1 एन1 के नाम से पहचाने जाने वाला स्वाइन फ्लू विशेषतौर पर शूकरों के जरिए इंसानों में फैलता है। साल 2009 में WHO ने स्वाइन फ्लू को महामारी घोषित किया था। देश के कई हिस्सों में इस बीमारी की चपेट में आए सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी। बाद में किसी तरह इस बीमारी संक्रमण कंट्रोल हुआ था। गर्म ठंडे होते मौसम के बीच सामान्य फ्लू भी बढ़ रहा है। ऐसे में डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी परेशानी संक्रमण के लक्षणों को पहचानने की भी है। क्योकि कोरोना, सामान्य फ्लू और स्वाइन फ्लू तीनों के लक्षण लगभग एक जैसे ही हैं।

स्वाइन फ्लू के ये होते है लक्षण
आम तौर पर सामान्य एन्फ्लूएंजा के लक्षणों की तरह स्वाइन फ्लू के लक्षण होते है। जिला अस्पताल के CMHO डॉ. संजय मिश्रा के मुताबिक यदि किसी मरीज को अचानक तेज ठण्ड, गला ख़राब होना, मॉसपेशियों में दर्द, सिर दर्द, खांसी आना या फिर शरीर में किसी अन्य तरह की कमजोरी महसूस होती है, तो फ़ौरन पीड़ित को डॉक्टर की सलाह लेना चाहिए। एच1एन1 के लक्षण यही है, वक्त पर यदि चिकित्सक से परामर्श ले लिया जाए तो गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।

शूकरों से फैलता है, लेकिन शहर में कई जगह शूकरों का डेरा
ख़ास तौर पर शूकरों से फैलने वाले इस वायरस की रोकथाम के लिए प्रशासन जरा भी अलर्ट नजर नहीं आ रहा। नगर निगम का स्वास्थ्य महकमा अपने ढर्रे पर ही काम कर रहा है। शहर के अधिकांश इलाकों में आवारा शूकरों की फ़ौज मंडराते देखे जा सकती है। स्थानीय लोगों ने बीमारी की गंभीरता को देखते हुए कई शिकायतें भी है, लेकिन उन पर सुनवाई नहीं हो रही।












Click it and Unblock the Notifications