चेचेरे भाई को छत से फेंककर चाची से कहा- तुम लोग मेरे आने पर दरवाजा नहीं खोलते हो इसलिए फेंक दिया
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के ग्वारीघाट इलाके में स्थित आस्था नगर अपार्टमेंट में दो दिन पहले जिस बच्चे की छत से गिरकर मौत हुई थी वह हादसा नहीं बल्कि हत्या का मामला निकला। बच्चे को उसके चचेरे भाई ने छत से फेंक दिया था। मृतक बच्चे की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन की तो आरोपित ने जुर्म कबूल लिया। बीते 19 मई को अपार्टमेंट की एक बिल्डिंग की छत से 8 वर्षीय जयेश नानकानी की मौत हो गई थी।

पहले सभी को लगा था हादसे का मामला
पहले ये सभी को हादसा लगा लेकिन जब पीड़ित मां ने पुलिस को लिखित शिकायत दी कि उसके बेटे को जेठ का बेटा नीलेश ने छत से फेंका था तो हर कोई हैरान रह गया। लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नीलेश को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने सारी सच्चाई बताई। मां ने शिकायत में बताया था कि 19 मई को उसके जेठ देवीदास का बेटा नीलेश उनके घर में घुस आया।

मां की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
घर पर जया अपने दोनों बच्चे रोशनी व जयेश के साथ बैठी थी। तभी नीलेश जयेश को गोद में उठाकर छत की तरफ जाने लगा। जब उसने नीलेश से पूछा की जयेश को लेकर कहां जा रहे हो तो उसने कहा कि वह उसे छत पर घुमाने ले जा रहा है। लेकिन छत पर पहुंचते ही नीलेश ने जयेश को नीचे फेंक दिया। पांचवीं मंजिल से गिरते ही जयेश की मौत हो गई।

नफरत के चलते घटना को दिया अंजाम
जब मां जया ने नीलेश से पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया तो उसने कहा कि तुम लोग मुझसे जलते हो। मैं तुम्हारे घर आता हूं तो तुम लोग दरवाजा नहीं खोलते हैं। इसका मैंने बदला लिया है। इतना कहकर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जया कि लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए नीलेश को गिरफ्तार कर लिया फिर धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications