RTO संतोष पाल के खिलाफ BJP ने बंद कराया था मेरा मुंह ! पूर्व मंत्री बोले कमलनाथ ने भी दी कमाई की छूट
जबलपुर, 19 अगस्त: दस साल की सरकारी नौकरी में करोड़ों की दौलत कमाने वाले ARTO संतोष पाल के कारनामों के काले चिट्ठे खुलते जा रहे है। सालों से एक ही जगह बैठकर धन कुबेर बने संतोष को आज तक कोई क्यों नहीं हिला पाया, इस सवाल पर ईओडब्ल्यू के छापे के बाद, उसके गहरे राज धीरे-धीरे बाहर आ रहे है। पूर्व राज्य मंत्री हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया है। बब्बू बोले कि संतोष पाल के खिलाफ आंदोलन करने पर पार्टी ने मुहं बंद करा दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार के वक्त परिवहन विभाग के मंत्री इस धनकुबेर को बचाते रहे। आपको बता दे कि मौजूदा परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत ही कमलनाथ सरकार के वक्त परिवहन मंत्री थे।

संतोष के पालनहार कौन-कौन ?
ईओडब्ल्यू के शिकंजे में आए जबलपुर के प्रभारी ARTO संतोष पाल के मामले में अब आरोपों की बाढ़ आ गई है। करोड़ों की संपत्ति जुटाने वाले इस अफसर के घर से मिली टुकड़ों में नकदी किसी के गले नहीं उतर रही। सवालों की लंबी फेहरिस्त के बीच वो कौन लोग थे, जिन्होंने अंधी कमाई का साम्राज्य खड़ा करने की छूट दी? पुराने शहर की तंग गली में हजार वर्ग फुट से भी कम जगह के मकान में रहने वाला देखते ही देखते 10 हजार वर्गफुट की जमीन पर करोड़ों का आलीशान बंगला तानकर रहने लगा।

...तो बीजेपी ने बंद कराया था मुहं ?
ईओडब्ल्यू छापे के बाद संतोष पाल से जुड़े पुराने मामलों पर जमी धूल भी उड़ना शुरू हो गई है। बीजेपी से पूर्व राज्य मंत्री हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू ने चौंकाने वाला बड़ा खुलासा किया। ऑटो चालकों के साथ कुछ सालों पहले काली कमाई के आरोपों में घिरे, इसी अफसर के खिलाफ बब्बू ने मोर्चा खोला था। अवैध कमाई करने के खुलकर आरोप लगाए थे और आंदोलन किया था। बब्बू मीडिया के सामने आए और कहा कि ARTO संतोष पाल के खिलाफ कुछ भी बोलने, BJP ने मुहं बंद करा दिया था। बब्बू ने यह बयान देकर पूरी पार्टी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। हालांकि अपने बयानों में बाद में बब्बू यह जरुर बोले कि ईओडब्ल्यू की कार्रवाई का श्रेय सीएम शिवराज सिंह को जाता है।

कमलनाथ सरकार भी रही मेहरबान
पूर्व राज्यमंत्री बब्बू जब संतोष पाल के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सड़क पर उतरे थे, तब कांग्रेस की कमलनाथ सरकार थी। उस वक्त परिवहन मंत्री गोविन्द राजपूत ही थे, जो कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए तो दोबारा, उसी विभाग के मंत्री बने। बब्बू ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के वक्त सीएम कमलनाथ से लेकर उस वक्त के परिवहन मंत्री, ट्रांसपोर्ट कमिश्नर को भी तथ्यों के साथ शिकायत की थी। लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ। सवाल यह है कि जब बीजेपी की सत्ता में वापिसी हुई, तो क्या ARTO संतोष पाल का परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत से पुराना रिश्ता बरक़रार रहा?

बीजेपी की दलील बब्बू का आचरण था ख़राब
हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू के बयान पर बीजेपी का कहना है कि पार्टी ने ARTO के खिलाफ आंदोलन करने से कभी मना नहीं किया। पार्टी कभी भी भ्रष्टाचार की पक्षधर नहीं रही है। बीजेपी नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर बोले कि जब यह घटनाक्रम हुआ तो बब्बू के खिलाफ उनके आचरण को लेकर कार्रवाई की गई थी। एक ऑडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह गाली-गलौच कर रहे थे और कई अनर्गल बाते कर रहे थे। इससे धूमिल हो रही पार्टी की छवि को देखते हुए प्रदेश संगठन के आदेश पर कार्रवाई की गई, ना कि संतोष पाल को बचाने के लिए।

कई ऑटो चालकों की मौत का भी जिम्मेदार
बब्बू ने यह भी आरोप लगाया कि एआरटीओ संतोष पाल के कार्यकाल में लगातार ऑटोचालक प्रताड़ित होते रहे। उनके परमिट और रूट को लेकर अवैध वसूली का पूरा सिस्टम बना हुआ था। महीने की बंधी रकम न दे पाने वाले कई ऑटो चालकों को इतना प्रताड़ित किया गया कि उन्होंने ख़ुदकुशी कर ली या फिर मानसिक रूप से परेशान होकर उनकी जान चली गई। सीधे तौर पर उन मौतों के लिए भी संतोष पाल को ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
ये भी पढ़े-EOW Raid: करोड़ों का आसामी निकला जबलपुर RTO संतोष पाल, आय से 650 गुना ज्यादा संपत्ति












Click it and Unblock the Notifications