क्या धर्म गुरुओं का डॉन बनना चाहता था बिशप पीसी सिंह? क्यों हो रही दाउद कनेक्शन की चर्चा
जबलपुर, 11 सितंबर: नॉर्थ इंडिया ईसाई मिशनरीज के कई संगठनों और चर्च समूहों के मुखिया रहे बिशप पीसी सिंह के घर EOW छापे के बाद कई खुलासे हो रहे हैं। लग्जरी लाइफ, गैरक़ानूनी तरीके से जुटाई गई करोड़ों की संपत्ति, धोखाधड़ी से क्या बिशप धर्म गुरुओं का डॉन बनना चाहता था? इस सवाल के आसपास ही ऐसे कई खुलासे हो रहे है, जिसने देश की इंटेलिजेंस एजेंसियों को भी जांच करने मजबूर कर दिया हैं। चार्टर प्लेन के साथ तस्वीरें भी वायरल हैं। वही कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बिशप का अंडरवर्ल्स डॉन दाउद से कनेक्शन का बड़ा दावा भी किया जा रहा हैं।

वायरल इन तस्वीरों में चार्टर प्लेन किसके ?
चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया के मॉडरेटर बिशप डॉ. प्रेम सिंह उर्फ़ पीसी सिंह विदेश यात्राओं का शौक़ीन रहा हैं। चेयरमैन रहते हुए खूब सैर सपाटा करता रहा है और अभी भी उसके लड़के ने ईओडब्ल्यू को बताया है कि उसके पापा जर्मनी गए हुए है। छापे के बाद बिशप की चार्टर प्लेन के अंदर और बाहर कुछ लोगों के साथ तस्वीरें भी वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि धोखाधड़ी कर जुटाई करोड़ों की रकम से बिशप ने इस प्लेन को भी खरीदा है। हालांकि अभी तक इस बात के पुख्ता सबूत सामने नहीं आए कि प्लेन पीसी सिंह का ही है। तस्वीरों में आरोपी पीसी सिंह के साथ जबलपुर के क्राइस्ट चर्च स्कूल का मैनेजर सुरेश जैकब भी और अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं।

क्या बिशप बनना चाहता था धर्मगुरुओं का डॉन?
जबलपुर में पीसी सिंह के घर पर छापे के बाद उसके खिलाफ लंबे वक्त से चली आ रही शिकायतों की भी चर्चा एक बार फिर शुरू हो गई हैं। देश के महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश समेत कई राज्यों में बिशप के खिलाफ एक सैकड़ा शिकायतें हैं। जिसमें ट्रस्ट और मिशनरीज़ कई संस्थाओं की जमीनों की धोखाधड़ी, उनके पैसों को हड़पने समेत कई गंभीर आरोप है। आरोप यह भी है कि धर्मगुरु का चोला ओड़कर पीसी सिंह अपनी खुद की सल्तनत बनाने यह सब करता रहा। एक तरह से धर्मगुरुओं के डॉन के तौर पर दुनिया के नक़्शे में स्थापित होना चाहता था। उसकी लग्जरी लाइफ भी रहस्यमयी रही है, जिसके बारे में उससे जुड़े ख़ास लोग ही जानते थे।

डी-कंपनी से कनेक्शन जुड़े होने की बात
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक पीसी सिंह का रिश्ता डी-कंपनी से जुड़ा होने का दावा भी हो रहा है। इसके प्रमाण तो फिलहाल किसी के पास के पास नहीं है, लेकिन आरोप है कि डॉन दाऊद इब्राहिम के ख़ास गुर्गे रियाज भाटी से पीसी सिंह की नजदीकियां रही है। पीसी सिंह के खिलाफ EOW में शिकायत करने वाले नीलेश लॉरेंस का यह भी आरोप है कि 2016 में मुंबई स्थित जिमखाना की बेशकीमती जमीन रियाज को लीज पर दी गई। जिसका सौदा पीसी सिंह ने ही किया था। रियाज के खिलाफ कई मामले दर्ज है और उससे पीसी सिंह के जुड़े होने की शिकायतें भी की गई है। रियाज अभी फरार है और मुंबई पुलिस को उसकी तलाश है।

पीसी सिंह EOW छापे में अब तक
चर्च ऑफ़ नॉर्थ इंडिया चेयरमैन पीसी सिंह के घर पड़े छापे के बाद करोड़ों की चल-अचल संपत्ति का पता चला है। ईओडब्ल्यू के मुताबिक घर से 1 करोड़ 65 लाख नकदी, लगभग $18500 विदेशी मुद्रा, 80 लाख के सोने के जेवरात, करोड़ों की 17 संपत्तियों के दस्तावेज, 48 बैंक खातों, 8 लग्जरी गाड़ियों का खुलासा हुआ हैं। संस्थाओं, स्कूल और निजी सभी खातों को सीज कराया गया है। ईओडब्ल्यू ने नकदी और गोल्ड आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया है। इनकम टैक्स की टीम भी मामले की जांच में जुट गई है।

बिशप के सहयोगी हुए अंडर ग्राउंड
इधर छापे के बाद खबर है कि बिशप के नेटवर्क में शामिल ख़ास राजदार लोग अंडर ग्राउंड हो गए है। कुछ करीबियों के अब फोन भी नहीं उठ रहे हैं। सूत्रों के मुतबिक जांच टीम को उन लोगों की भी तलाश जिनकी मदद से बिशप कारगुजारियों को अंजाम देता था। मप्र सरकार पहले ही निर्देश जारी कर चुकी है कि बिशप से जुड़े मामले की पूरे प्रदेश में गहराई से पड़ताल होगी। ईओडब्ल्यू के अलावा स्थानीय प्रशासन भी चर्च सोसायटियों की संपत्तियों की जांच करेगा। ताकि यह पता चल सकें कि धर्माथ के लिए आवंटित जमीनों का वर्तमान में उपयोग किस तरह से हो रहा है?












Click it and Unblock the Notifications