Jabalpur News: ‘हर काम में करप्शन’! 15 हजार की रिश्वत लेते सिंचाई विभाग का ऑडिटर अरेस्ट
जबलपुर, 22 सितंबर: कोई निर्माण कार्य हो या फिर अन्य कोई दूसरा काम, सरकारी ठेके लेने से लेकर उसका भुगतान और सिक्यूरिटी राशि बगैर दक्षिणा दिए नहीं मिल रही। इस तरह की स्थिति से मप्र के कई ठेकेदार जूझ है। एक बार इसका खुलासा जबलपुर में रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़े एक अधिकारी के मामले से हुआ है। जल संसाधन विभाग का ऑडिटर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि आरोपी ने एक ठेकेदार से सिक्यूरिटी मनी वापस करने के एवज में रुपयों की डिमांड की थी।

जल संसाधन विभाग का मामला
जबलपुर के रहने वाले नरेंद्र सिंह परिहार कॉन्ट्रेक्टर है। प्राइवेट और सरकारी विभागों में निर्माण विकास कार्यों के ठेके लेते हैं। कुछ समय पहले उन्होंने जबलपुर हिरन डिवीजन जल संसाधन विभाग के एक काम का ठेका भी लिया था। कार्य पूर्ण हुए कई महीने बीत गए और उसका भुगतान भी ले लिया गया। लेकिन नियम मुताबिक विभाग में जमा सिक्यूरिटी राशि वापस नहीं ली थी। इस सिलसिले में शासकीय प्रक्रिया के तहत नरेंद्र ने विभाग में आवेदन दिया। पर राशि वापस करने में टाल मटोल की जा रही थी। इसी बीच विभाग के ऑडिटर संदीप मस्के सिक्यूरिटी मनी वापस करने के एवज में रिश्वत की डिमांड करने लगे।

ठेकेदार ने EOW में की शिकायत
काफी दिनों तक परेशान होने के बाद पीड़ित ठेकेदार ने रिश्वत मांगे जाने की ईओडब्ल्यू में शिकायत की। जिसके बाद गुरूवार को पहली किश्त के रूप में 15 हजार रुपए देना तय हुआ। योजनाबद्ध तरीके से ईओडब्ल्यू टीम ने अपना जाल बिछाया और संदीप मस्के को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई करने पहुंची टीम के DSP एवी सिंह और शशिकला मस्कूले ने बताया कि आरोपी को जब पकड़ा तो वह भागने की फिराक में था। लेकिन टीम के अन्य साथियों ने उसके मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया।

कार्यालय से कई दस्तावेज बरामद
कार्रवाई करने पहुंची ईओडब्ल्यू टीम ने आरोपी ऑडिटर के दफ्तर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए है। शिकायतकर्ता के कार्य से संबंधित फाइलों की भी पड़ताल की जा रही है। वही ऑफिस के अन्य स्टाफ में इस कार्रवाई से हडकंप मच गया। जिसके बाद आरोपी मस्के को लेकर तरह तरह के चर्चा भी हो रही हैं। इस दौरान ईओडब्ल्यू की टीम में टीआई मोमेंद्र मर्सकोले एसआई गोविंद यादव, फरजाना परवीन भी कार्रवाई में शामिल रही।












Click it and Unblock the Notifications