लगातार आगे बढ़ रहा भाजपा का अश्वमेघ का घोड़ा, इस बार छिंदवाड़ा भी जीतेंगे हम- CM मोहन यादव
लोकतंत्र के इस अश्वमेघ में भाजपा का दिग्विजयी घोड़ा लगातार आगे बढ़ रहा है। भाजपा लगातार विजय की ओर कदम बढ़ा रही है और नए-नए सोपान तय कर रही है। 2014 में हम 27 सीटें, 2019 में 28 सीटें जीते थे।
इस बार निश्चित रूप से छिंदवाड़ा में भी कमल खिलने वाला है और हम प्रदेश की सभी 29 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। कमल का फूल विजय का तिलक लगाकर रामनवमी को सार्थक करेगा। यह बात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने जनादेश देंगे एक करोड़ मतदाता
डॉ मोहन यादव ने कहा कि आज रामनवमी है और मैं मध्य प्रदेश की 8ः30 करोड़ जनता को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। जबलपुर मध्यप्रदेश में पहले चरण के चुनाव का केंद्र बिंदु रहा है। 19 अप्रैल को पहले चरण में प्रदेश की 6 लोकसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इन सीटों में सीधी, शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा और जबलपुर शामिल हैं। लोकतंत्र के इस महायज्ञ में इन छह सीटों के एक करोड़ से अधिक मतदाता श्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनादेश प्रदान करेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि अभी तक के जो चुनाव हुए, उस दौरान रामलला टेंट में ही विराजमान थे। लेकिन इस बार श्री रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं और आज रामनवमी पर उनका सूर्य तिलक भी किया गया। रामलला का आज जो जन्मोत्सव मनाया गया, वह सारी दुनिया को सनातन संस्कृति की कीर्ति से आलोकित कर रहा है।

हमारी चुनावी तैयारियां पूरी
डॉ यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हमारी तैयारियों की शुरुआत वॉल पेंटिंग से हुई थी और सभी नेताओं ने इसमें भागीदारी की। कार्यकता्रओं को सशक्त बनाने के लिए संगठन के स्तर पर बूथ कार्यकर्ता और पन्ना प्रभारियों के सम्मेलन हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत जबलपुर तथा बालाघाट से की थी और जबलपुर में उनका अभूतपूर्व रोड शो हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा का महाकोशल क्षेत्र में प्रवास हुआ। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह भी छिंदवाड़ा में थे और उनका रोड शो भी ऐतिहासिक रहा है।
मोहन यादव ने कहा कि चुनावी अभियान के दौरान मैं स्वयं भी 40 से अधिक सभाओं, 30 से अधिक रोड शो और 25 से अधिक कार्यकर्ता सम्मेलनों में शामिल हुआ हूं। डॉ. यादव ने कहा कि विपक्ष हमारे इस अभियान को आक्रामक बता रहा है, लेकिन हमने पूरी विनम्रता के साथ अपनी परंपरा के अनुसार जनता के बीच जाकर अपनी बात रखने का प्रयास किया है।
कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं दी
डॉ यादव ने कहा कि प्रचार के इस दौर में कांग्रेस हमारे सामने कहीं भी नहीं टिकी। कहीं दिखाई नहीं दी। लेकिन हम कांग्रेस सहित सारे विपक्षी दलों का आह्वान करते हैं इस लोकतंत्र के यज्ञ में हर एक को आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडला से हमारे प्रत्याशी श्री फग्गनसिंह कुलस्ते हैं, छिंदवाड़ा से श्री विवेक बंटी साहू प्रत्याशी हैं, सीधी से श्री राजेश मिश्रा जी हैं, शहडोल से श्रीमती हिमाद्री सिंह हैं, बालाघाट से श्रीमती भारती हैं और जबलपुर से श्री आशीष दुबे हमारे प्रत्याशी हैं।
डॉ यादव ने कहा कि जबलपुर की धरती लंबे समय से भाजपा को अपना आशीर्वाद देती रही है। पहली बार एक लाख से, फिर 2 लाख से और फिर 5 लाख से भाजपा को जिताकर जबलपुर ने रिकॉर्ड बनाया है। यह अहंकार की बात नहीं, बल्कि जनता के आशीष की बात है और यह जनता के आशीष का ही परिणाम है कि इस बार यहां से आशीष दुबे जी हमारे प्रत्याशी हैं। डॉ. यादव ने कहा कि कमल का फूल सबके आशीष से ही खिलता है। उन्होंने कहा कि मैं सभी छह लोकसभा क्षेत्रों के एक करोड़, तेरह लाख, नौ हजार मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद देने और श्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आग्रह करता हूं।
मोदी सरकार ने किये असंभव लगने वाले काम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन हिंदुओं के लिए और सौभाग्य का दिन है। लगभग 500 वर्ष बाद आज ऐसी रामनवमी आई है, जब भगवान राम अपने मंदिर में विराजमान हैं। आज हमारा पहले चरण का प्रचार अभियान पूरा हो रहा है, जिसके दौरान हमने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 2019 से 2024 के अपने कार्यकाल में ऐसे-ऐसे काम किए, जो पिछले 70 सालों में नहीं हुए और जिन्हें पहले असंभव माना जाता था। इस दौरान कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक और राम मंदिर के निर्माण जैसे काम हुए। इनके लिए विपक्षी नेता कहा करते थे कि अगर ऐसा हुआ, तो खून की नदियां बह जाएंगी, दंगे हो जाएंगे, देश टूट जाएगा। उन्होंने देश के लोकतंत्र को कमजोर करने, लोगों को डराने, भयभीत करने के लगातार प्रयास किए। लेकिन इन सारी आशंकाओं को निर्मूल साबित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपना कार्यकाल पूरा कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications