MP के अमरनाथ यात्रियों के लिए खुशखबरी, जुलाई माह में जबलपुर से उधमपुर स्पेशल ट्रेन, कटनी-सागर समेत 17 stoppage
Amarnath yatra special train: एमपी के अमरनाथ यात्रियों के लिए खुशखबरी हैं। जबलपुर-दमोह-सागर-ग्वालियर के रास्ते रेलवे ने जुलाई माह में स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया। हर सोमवार को रवाना होने वाली यह ट्रेन अगले दिन रात को 7 बजे उधमपुर पहुंचेगी। रेल प्रशासन ने लगभग 17 स्टॉपेज निर्धारित किए हैं।
पश्चिम मध्य रेल जोन जबलपुर से मिली जानकारी के मुताबिक रेल प्रशासन ने अमरनाथ यात्रियों के लिए अतिरिक्त यात्री यातायात क्लियर करने के उद्देश्य इस स्पेशल ट्रेन को चलाने का निर्णय लिया हैं। गाड़ी संख्या 01449/01450 जबलपुर-उधमपुर-जबलपुर के मध्य 04-04 ट्रिप चलेगी। इसके लिए अतिरिक्त रैक भी तैयार किया गया हैं।
यह गाड़ी पमरे के जबलपुर से प्रस्थान कर सिहोरा रोड, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर एवं मालखेड़ी स्टेशन पर हाल्ट लेकर गन्तव्य को जाएगी। गाड़ी संख्या 01449 जबलपुर- उधमपुर स्पेशल ट्रेन दिनांक 10.07.2023 से 31.07.2023 तक प्रत्येक सोमवार को जबलपुर स्टेशन से 16:45 बजे प्रस्थान कर, सिहोरा रोड 17:13 बजे, कटनी मुड़वारा 18:10 बजे, दमोह 19:45 बजे, सागर 20:50 बजे, मालखेड़ी 22:28 बजे और मंगलवार को रात्रि 19:00 बजे उधमपुर स्टेशन पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01450 उधमपुर - जबलपुर स्पेशल ट्रेन दिनांक 11.07.2023 से 01.08.2023 तक प्रत्येक मंगलवार को उधमपुर स्टेशन से रात्रि 23:55 बजे प्रस्थान कर, अगले दिन मालखेड़ी रात्रि 23:30 बजे, सागर 00:30 बजे, दमोह 01:30 बजे,, कटनी मुड़वारा 03:10 बजे, सिहोरा रोड 04:05 बजे और गुरुवार को भोर में 04:45 बजे जबलपुर स्टेशन पहुंचेगी। इस गाड़ी में 01 वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, 02 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 06 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 11 शयनयान श्रेणी, 02 सामान्य श्रेणी एवं 02 एसएलआर सहित कुल 24 कोच रहेंगे।
रास्ते में यह गाड़ी दोनों दिशाओं में सिहोरा रोड, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, मालखेड़ी, वीरांगना लक्ष्मी बाई झाँसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा, नई दिल्ली, पानीपत, अम्बाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट और जम्मू तवी स्टेशनों पर रुकेगी। आपको बता दें सावन माह में इस रूट से हजारों यात्री अमरनाथ जाते हैं। इस स्पेशल ट्रेन से उनके आवागमन में सहूलियत मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications