जेलेंस्की का पुतिन पर तंज, दूसरे विश्वयुद्ध की मार भूल चुका है रूस
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने रूस पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि यह देश सेकंड वर्ल्ड वार का सबक भूल चुका है।
कीव, मई 03: रूस-यूक्रेन के बीच आज युद्ध का 69वां दिन चल रहा है। इसी बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने रूस पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि यह देश सेकंड वर्ल्ड वार का सबक भूल चुका है। जेलेंस्की ने सोमवार को अपने दैनिक संबोधन में कहा कि रूस द्वारा थोपा गया यह युद्ध अब दसवें सप्ताह में प्रवेश कर रहा है। मेरे पास कोई शब्द नहीं है। अब तक किसी ने मास्को से कोई तर्कसंगत बात नहीं सुनी है। हमारे पास वहां से केवल चुप्पी है। इसका अर्थ यही है कि रूसी नेतृत्व सेकेंड वर्ल्ड वार के सभी सबक भूल चुका है या शायद उन्होंने कभी कोई सबक सीखा ही नहीं।

रूस ने जेलेंस्की की तुलना हिटलर से की
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की की तुलना हिटलर से की। लावरोव ने कहा कि वे जब कहते हैं कि अगर हम यहूदी हैं तो नाजीकरण कैसे हो सकता है? मेरी नजर में हिटलर भी यहूदी था, इसलिए इसका कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि हिटलर के पास नाजी खून था, जिसने काफी घृणा फैलायी। जेलेंस्की भी यहूदी हैं और वह यही कर रहे हैं।
इजरायल ने दर्ज करायी आपत्ति
रूसी विदेश मंत्री के इस बयान पर इजरायल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इजरायल के विदेश मंत्री यायर लापिड ने इस बयान को ऐतिहासिक गलती बताया और विदेश मंत्री से माफी की मांग की। इजरायल ने रूस के राजदूत को तलब कर विरोध भी जताया है। अमेरिकी सीनेट में बहुमत के नेता चक शूमर ने कहा कि हम लावरोव के इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि आप किसी को हमेशा बेवकूफ नहीं बना सकते। रूस के अपराध को पूरी दुनिया देख रही है। उनके अपराध दिन के उजाले के समान सादे हैं जो सबको नजर आ रहे हैं।
तेल बिक्री पर और कड़ा होगा प्रतिबंध
जर्मनी द्वारा सोमवार को एक बड़े बदलाव के बाद अब यूरोपीय संघ तेल की बिक्री को लेकर मास्को के खिलाफ प्रतिबंधों को और कड़े करने के लिए तैयार है। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्री कुलेबा ने ट्वीट कर लिखा कि यूक्रेन को यूरोपीय संघ के उम्मीदवार का दर्जा देना यूक्रेन और यूरोपीय देशों के हित में है। उन्होंने लिखा कि मैंने अपने जर्मन समकक्ष बेयरबॉक से बात की है और रूस पर तेल प्रतिबंध का समर्थन करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है। इसी बीच यूक्रेन के मरियुपोल शहर के स्टील प्लांट में हजारों फंसे लोगों के निकालने की प्रकिया चल रही है। इसी बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि रूसी गोलबारी से नागरिकों की आवाजाही बाधित हो रही है। आपको बता दें कि संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक युद्ध के दौरान विस्थापित लोगों की संख्या बढ़कर 55 लाख हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications