Yasin Malik: पिता यासीन मलिक के नक्शे-कदम पर चली बेटी, 11 की उम्र में ही भारत के खिलाफ उगलने लगी जहर
Yasin Malik daughter News: कश्मीर में आतंकवाद का लहर फैलाने वाले और हत्यारे यासीन मलिक की बेटी भी अपने पिता के ही नक्शे-कदम पर चलने लगी है और सिर्फ 11 साल की उम्र में ही उसने भारत के खिलाफ जहर उगलना शुरू कर दिया है। पीओके के पार्लियामेंट में यासीन मलिक की बेटी रजिया सुल्तान ने भारत के खिलाफ जिन नफरती शब्दों का इस्तेमाल किया, उससे साफ कहा जा सकता है, कि वो पिता के ही कदम से कदम मिला रहा है।
वहीं, पाकिस्तान ने अपने नाकाम मंसूबों के लिए बच्चों और नाबालिगों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। जिस उम्र में यासीन मलिक की बेटी को पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देना चाहिए था, उस उम्र में वो पाकिस्तानी डीप स्टेट के हाथों का मोहरा बन गई है, ठीक उसी तरह से, जैसे उसके पिता आईएसआई की शह पर एक अलगाववादी नेता बन गये।

पिता के नक्शे कदम पर चल निकली बेटी
पाकिस्तान ने इस बार नाबालिगों का इस्तेमाल करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम करने के लिए नए प्रोपेगेंडा का सहारा लिया है। पाकिस्तान ने अपने इस प्लान में यासीन मलिक की 11 साल की बेटी रजिया सुल्तान का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है और उससे भारत के खिलाफ बोलने के लिए पीओके संसद का मंच दिया गया है।
पीओके संसद में बोलते हुए रजिया सुल्तान ने भारत के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाए हैं।
रजिया सुल्तान, कुख्यात यासीन मलिक की बेटी है, जिसने एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्या की थी और जो कश्मीर घाटी में आतंकवाद को बढ़ाने के पीछे था। रजिया ने भाषण में अपने पिता को निर्दोष बताया और पाकिस्तान के 'आजादी' के एजेंडे का समर्थन किया है, जिसने जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए मौत और विनाश की स्क्रिप्ट लिखी थी।
आपको बता दें, कि यासीन मलिक जहां तिहार जेल में बंद है, वहीं उसकी पत्नी और बेटी पाकिस्तान में रहती है, जहां पाकिस्तान सरकार ने उसके लिए फाइव स्टार व्यवस्था कर रखी है।
यासीन मलिक की बेटी रजिया सुल्तान को एक लिखित स्क्रिप्ट पढ़ते हुए देखा जा सकता है, जिसमें उसन यह भी कहा, कि 05 अगस्त 2019 को की गई कार्रवाई, यानी अनुच्छेद 370 और 35 ए को निरस्त करना स्वीकार्य नहीं है।
यह पहली बार नहीं है, जब पाकिस्तान ने अपना प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल किया है, बल्कि पहले पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीरी बच्चों को आतंकी प्रशिक्षण के लिए अपहरण कर लिया जाता था और फिर उन्हें ट्रेनिंग देकर भारतीय कश्मीर में हमला करने के लिए भेज दिया जाता था।
जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासीन मलिक को पिछले साल 25 मई को दिल्ली की एक अदालत ने 2017 में कश्मीर घाटी में आतंकवादी और अलगाववादी गतिविधियों से संबंधित एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
एनआईए ने बाद में यासीन मलिक को मौत की सजा दिलाने के लिए ऊपरी अदालत का रुख किया है।
यासीन मलिक पर क्या बोली रजिया
रजिया सुल्तान का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें उसे कहते सुना जा रहा है, कि "उसे यकीन है, कि उसके पिता एक दिन रिहा हो जाएंगे।"
रजिया सुल्तान ने आगे कहा, कि "उसके पिता ने जिंदगी भर कश्मीर के लिए काम किया है और अगर उन्हें मौत की सजा मिलती है, तो ये भारत के ऊपर काले दाग के समान होगा।" वहीं, रजिया सुल्तान भाषण में खुद को 'कश्मीर की बेटी' बता रही है और उसके वीडियो को पाकिस्तानियों की तरफ से भारी संख्या में शेयर किया जा रहा है। ऐसा लग रहा है, कि रजिया सुल्तान पाकिस्तान की पोस्टर गर्ल बन चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications