'काम कीजिए और हर दिन शराब पीजिए...', 113 वर्षीय दुनिया के सबसे बुजुर्ग शख्स ने बताया लंबी उम्र का राज
'काम कीजिए और हर दिन शराब पीजिए...', 113 वर्षीय दुनिया के सबसे बुजुर्ग शख्स ने बताया लंबी उम्र का राज
नई दिल्ली, 19 मई: गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि वेनेजुएला के रहने वाले जुआन विसेंट पेरेज दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति (पुरुष) हैं। जिनकी फिलहाल उम्र 112 साल है और जल्द ही वो 113 साल के होने वाले हैं। 4 फरवरी 2022 तक जुआन विसेंट पेरेज ने औपचारिक रूप से 112 वर्ष और 253 दिनों की आयु पूरी कर ली है। अभी वह फिलहाल 112 साल, 11 महीने और 22 दिन के हैं, जल्द ही उनका 113वां जन्मदिन आने वाला है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज ने इस उपलब्धि को चिह्नित करने के लिए एक वीडियो साझा किया गया है। इसके साथ ही जुआन ने अपनी लंबी उम्र का राज भी बताया है।

27 मई को 113 साल के हो जाएंगे दुनिया के सबसे बुजुर्ग शख्स
वेनेजुएला के जुआन विसेंट पेरेज 27 मई को अपना 113वां जन्मदिन मनाने के लिए तैयार हैं। 27 मई 1909 को एल कोबरे, ताचिरा (वेनेजुएला) में जुआन विसेंट पेरेज का जन्म हुआ था। जुआन विसेंट पेरेज के पिता का नाम डेल रोसारियो पेरेज मोरा और माता का नाम एडेलमीरा मोरा था। जुआन विसेंट पेरेज 10 भाई-बहन थे, जिसमें से वह नौवें थे। उनका परिवार 1914 में सैन जोस डी बोलिवर में लॉस पाजुइल्स में स्थानांतरित हो गया।

छोटी उम्र से किसानी कर रहे हैं जुआन
जुआन ने गन्ने और कॉफी की कटाई में सहायता करते हुए, पांच साल की उम्र में अपने पिता और भाइयों के साथ कृषि में काम करना शुरू कर दिया था। वह अभी किसानी करते हैं। 1948 में कैरिकुएना में एक शेरिफ बन गए, जहां वह पिछले 10 सालों से भूमि और पारिवारिक संघर्षों को सुलझाने के प्रभारी थे। किसानी के अलावा जुआन का सबसे बड़ा जुनून भगवान और उसके परिवार के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करना है। वह अपने जीवन के साथ-साथ अपने वातावरण में भोजन और लोगों की सराहना करता है।

दुनिया के सबसे बुजुर्ग आदमी ने बताया लंबी उम्र का राज
दुनिया के सबसे बुजुर्ग शख्स जुआन ने भी लंबी उम्र का राज बताया है। जुआन विसेंट पेरेज ने लंबे जीवन का राज बताते हुए कहा, ''कड़ी मेहनत करना, हर दिन काम करना, छुट्टियों पर आराम करना, जल्दी बिस्तर पर जाना, हर दिन एक गिलास एगुआर्डिएंट (शराब) पीना, भगवान से प्यार करना और हमेशा उसे अपने दिल में रखना।"

11 बच्चों के पिता, 41 पोते हैं जुआन के
जुआन ने 1937 में एडियोफिना डेल रोसारियो गार्सिया से शादी की थी। दोनों की शादी 60 साल तक चली, 1997 में उनकी पत्नी का निधन हो गया। जुआन के 11 बच्चे हैं। जिसमें छह बेटे और पांच बेटियां हैं। फिलहाल जुआन 11 बच्चों के पिता हैं, उनके 41 पोत हैं, जिसमें 18 परपोते हैं।

कमाल की याददाश्त है जुआना की
जुआन विसेंट के पास असाधारण स्वास्थ्य और याददाश्त है। जुआन विसेंट को इस उम्र में भी अपना बचपन, शादी, अपने भाई-बहनों, बच्चों और पोते-पोतियों के नाम याद हैं। वह दिन में दो बार भगवान की पूजा करते हैं। जुआन विसेंट की बेटी नेलीडा पेरेज ने कहा कि जुआन का स्वास्थ्य अभी ठीक है। वह अभी भी किसी बीमारी से पीड़ित नहीं हैं, जब उन्हें डॉक्टर के पास जाने की जरूरत है, हम ले जाते हैं। उनका कहना है कि वह एक मेहनती व्यक्ति के रूप में याद होना चाहते हैं, जो अपनी पत्नी और अपने धर्म के प्रति वफादार है।

वायरल हो गया दुनिया के सबसे बुजुर्ग शख्स का वीडियो
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने वीडियो को 18 मई को एक दिन पहले ही शेयर किया गया था और अब तक इसे 3 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। इस अवसर जुआन को शुभकामना देने वाले लोगों ने वीडियो पर कमेंट भी किया है। एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, 'दुनिया के सबसे बुजुर्ग पापा को जन्मदिन की बधाई।' एक अन्य ने लिखा, ''जुआन विसेंट अपने 113वें जन्मदिन से सिर्फ 10 दिन दूर हैं। वह इस उल्लेखनीय उपलब्धि का जश्न अपने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ मनाएंगे।' वहीं एक अन्य ने लिखा, ''हमारा जन्मदिन एक ही है!''












Click it and Unblock the Notifications