ब्राज़ील के राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो को दस दिन से हिचकियाँ, अस्पताल में भर्ती
ब्राज़ील के राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो को दस दिन तक लगातार हिचकियाँ बंद ना होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हो सकता है कि इसके लिए उन्हें एक आकस्मिक सर्जरी करवानी पड़े. ब्राज़ील के राष्ट्रपति कार्यालय ने यह जानकारी दी है.
बताया गया है कि उन्हें आँतों में कुछ रुकावट की जाँच कराने के लिए साओ पालो के एक अस्पताल में शिफ़्ट किया गया है.
बोलसोनारो ने भी इस बारे में एक ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा है कि "वो ठीक होकर जल्द लौटेंगे."
66 वर्षीय बोलसोनारो के स्वास्थ्य को लेकर साल 2018 से ही चिंता रही है, क्योंकि साल 2018 में चुनाव प्रचार के दौरान एक हमलावर ने बोलसोनारो को चाकू मार दिया था, जिसकी वजह से उनकी आँतों में गंभीर चोट आई थी.
उस घटना में बोलसोनारो का 40 प्रतिशत ख़ून बह गया था और तब से अब तक वे इसके लिए कई सर्जरी करा चुके हैं.
बताया गया है कि राष्ट्रपति बोलसोनारो को बुधवार को ब्रासीलिया स्थित फ़ौज के अस्पताल में ले जाया गया था, जहाँ वे डॉक्टरों की निगरानी में थे.
लेकिन बाद में, साल 2018 से बोलसोनारो का इलाज कर रहे डॉक्टर एंटोनियो लुइज़ माकेडो ने कहा कि "उन्हें इलाज के लिए साओ पालो ले जाना पड़ेगा, ताकि उनकी सभी जाँच की जा सकें और अगर सर्जरी की ज़रूरत लगे, तो वो भी हो सके."
ब्राज़ील सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बोलसोनारो को नींद की दवाएं देकर ब्रासीलिया से साओ पालो ले जाया गया.
'बात करने में हो रही थी दिक्क़त'
बोलसोनारो के बेटे, फ्लावियो ने सीएनएन ब्राज़ील से बातचीत में कहा कि ब्रासीलिया में उनके पिता की एक मामूली सर्जरी करनी पड़ी, ताकि उनके पेट में भरे पानी को निकाला जा सके. उन्होंने बताया कि उनके पिता को बात करने में दिक्कत हो रही थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा.
इस बीच ज़ाएर बोलसोनारो ने एक तस्वीर ट्वीट की है जिसमें वे अस्पताल के बेड पर दिख रहे हैं और उनके शरीर पर कुछ केबल और सेंसर लगे हुए हैं.
क़रीब ढाई साल के अपने विवादित कार्यकाल के बाद, ज़ाएर बोलसोनारो के सामने कोविड-19 के प्रबंधन को लेकर तमाम तरह के सवाल हैं. लोग उनपर आरोप लगाते हैं कि उन्होंने कोरोना महामारी को गंभीरता से नहीं लिया.
इसी महीने की शुरुआत में ब्राज़ील में उनके ख़िलाफ़ कई विशाल प्रदर्शन भी हुए. प्रदर्शनों में शामिल लोगों का आरोप था कि बोलसोनारो ने कोरोना वैक्सीन की ख़रीद में भ्रष्टाचार किया.
ब्राज़ील में कोरोना से तबाही
इसके अलावा लॉकडाउन, वैक्सीन की व्यवस्था और मास्क को लेकर भी वो विवाद में घिर चुके हैं.
पिछले महीने, ब्राज़ील में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या पाँच लाख से अधिक हो गई थी. यह दूनिया में अमेरिका के बाद, कोरोना से मरने वालों का दूसरा सबसे बड़ा आँकड़ा है.
बोलसोनारो ख़ुद भी एक बार कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, पर डॉक्टरों के मुताबिक़ वे उस संक्रमण से पूरी तरह उभर चुके हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












Click it and Unblock the Notifications