Julian Assange: विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे 5 सालों के बाद जेल से रिहा.. US के साथ जानें क्या हुई डील?
Wikileaks Founder Julian Assange Free: विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे सोमवार को बेलमार्श की मैक्सिमम सिक्योरिटी वाली जेल से बाहर आ गए। उन्होंने अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट के साथ एक समझौता किया है, जिसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया है।
जूलियन असांजे ने ब्रिटिश जेल में पिछले पांच सालों से बंद थे, और उन्होंने अमेरिकी जासूसी कानूनों का उल्लंघन करने के लिए डेटा चुराने पर दोषी होने की दलील देने पर सहमति जताई है और अब इस समझौते के तहत वह अपने देश ऑस्ट्रेलिया वापस जा सकते हैं।

इस समझौते के तहत जूलियन असांजे ने खुद के दोषी होने की बात कबूल की है, और जस्टिस डिपार्टमेंट उनकी 62 महीने जेल की सजा की मांग करेगा, जो वो जेल में काट चुके हैं, इसीलिए उन्हें रिहा कर दिया गया है।
अमेरिका के साथ डील कर रिहा हुए जूलियन असांजे
विकीलीक्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घोषणा करते हुए कहा है, कि "जूलियन असांजे रिहा हो गए हैं। 24 जून की सुबह वे बेलमार्श मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल से बाहर आ गए, जहां उन्होंने 1901 दिन बिताए थे।" असांजे को लंदन के हाईकोर्ट ने जमानत दी थी और दोपहर में स्टैनस्टेड हवाई अड्डे पर उन्हें रिहा कर दिया गया, जहां से वे विमान में सवार होकर ब्रिटेन से चले गए।
विकीलीक्स ने अपने दुनियाभर में फैले समर्थकों के प्रति गहरी कृतज्ञता जताते हुए कहा, कि "यह एक वैश्विक अभियान का परिणाम है, जिसमें जमीनी स्तर के आयोजक, प्रेस स्वतंत्रता अभियानकर्ता, अलग अलग देशों के सांसद और राजनीतिक स्पेक्ट्रम के सभी नेता और यहां तक की संयुक्त राष्ट्र तक शामिल हैं।" उनकी रिहाई को लेकर लगातार चल रहे कैम्पेन और उसके बाद अमेरिकी न्याय विभाग के साथ बातचीत के बाद यह सौदा हुआ है, जिसे अभी तक औपचारिक रूप से अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
विकीलीक्स ने जल्द ही और जानकारी देने का वादा किया है।
जूलियन असांजे पर क्या आरोप थे?
अमेरिका से हुए इस डील के तहत 52 साल के जूलियन असांजे ने माना, कि उन्होंने गोपनीय अमेरिकी राष्ट्रीय रक्षा दस्तावेजों को उजागर करने की साजिश की है और उनके आपराधिक मामले में दोषी होने की दलील पर उन्होंने कोर्ट में सहमति जताई।
2010 में, विकिलीक्स ने अफगानिस्तान और इराक में युद्धों से संबंधित हजारों सीक्रेट अमेरिकी सैन्य दस्तावेजों को जारी कर सनसनी मचा दिया था, जो अमेरिकी सैन्य इतिहास में सबसे बड़े सुरक्षा उल्लंघनों में से एक था। लीक हुए दस्तावेजों में 700,000 से ज्यादा राजनयिक केबल और युद्धक्षेत्र की जानकारियां शामिल थीं।
जूलियन असांजे ने साल 2006 में विकिलीक्स की स्थापना की थी, जिसने खोजी पत्रकारिता के क्षेत्र में जल्द ही प्रसिद्धि हासिल कर ली और इसने दुनियाभर की सरकारों के खिलाफ कई बड़े खुलासे किए। जूलियन असांजे ने सीक्रेट और क्लासीफाइट ऑडियो, वीडियो, तस्वीरें और दस्तावेज जारी करने के लिए विकिलीक्स को एक महत्वपूर्ण प्लेटॉफॉर्म बना दिया।
बगदाद में अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर हमले के फुटेज ने इस प्लेटफॉर्म को दुनियाभर में प्रसिद्ध कर दिया, जिसमें दो पत्रकारों सहित एक दर्जन से ज्यादा लोग मारे गए थे, जबकि 2010 में अफगानिस्तान और इराक में युद्धों पर सैकड़ों हजारों सीक्रेट अमेरिकी दस्तावेजों को जारी कर उन्होंने अमेरिकी सरकार की इराक और अफगान युद्ध की पोल खोलकर रख दी।

असांजे को कब किया गया था गिरफ्तार?
जूलियन असांजे को पहली बार 2010 में लंदन में एक स्वीडिश वारंट पर गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था। प्रत्यर्पण मामले की उन बेल पेंडिंग होने के बाद उन्हें जमानत दे दी गई और असांजे ने 2012 में इक्वाडोर के लंदन दूतावास में शरण ली, जब ब्रिटेन की एक अदालत ने फैसला सुनाया कि उन्हें मुकदमे के लिए स्वीडन भेजा जा सकता है।
जूलियन असांजे अगले सात सालों तक लंदन में इक्वाडोर के दूतावास में रहे और सात सालों तक उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लंदन की पुलिस दूतावास के बाहर बैठी रही। लेकिन, इक्वाडोर ने लंदन पुलिस को दूतावास में घुसने की इजाजत नहीं दी।
अगले सात साल उन्होंने इक्वाडोर के छोटे से दूतावास में बिताए और इस दौरान स्वीडिश पुलिस ने उनके खिलाफ बलात्कार के आरोप वापस ले लिए। और उसके बाद वो इक्वाडोर के दूतावास से बाहर निकले, जिसके बाद यूके पुलिस ने उन्हें जमानत शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। असांजे को यूके की जेल में रखा गया था, क्योंकि अमेरिकी प्रत्यर्पण का मामला अदालतों में चल रहा था।
लेकिन, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन पर असांजे के खिलाफ लंबे समय से चल रहे मामले को खत्म करने का दबाव बढ़ रहा था। फरवरी में ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने इस आशय का एक आधिकारिक अनुरोध किया था, जिसपर प्रतिक्रिया देते हुए बाइडेन ने कहा था, कि वह इस पर विचार करेंगे, जिससे असांजे के समर्थकों में उनकी रिहाई को लेकर उम्मीद जगी। उस समय, ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने कहा था, कि असांजे का मामला "बहुत लंबे समय से चल रहा है और उनके लगातार जेल में रहने से कुछ हासिल नहीं होने वाला है।"
असांजे की मां क्रिस्टीन ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलियाई मीडिया को दिए एक बयान में कहा, कि वह आभारी हैं कि उनके बेटे की "पीड़ा आखिरकार समाप्त हो रही है।"












Click it and Unblock the Notifications