गाजा में जमीनी हमले की जगह सर्जिकल स्ट्राइक क्यों कर रही है इजराइली सेना? जानें किस बात का सता रहा डर
इजराइल और हमास के बीच जारी जंग के 20 दिन पूरे हो चुके हैं। इस युद्ध में अब तक 7000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हमास के आतंकियों ने इजराइल में घुसकर तबाही मचाई थी जिसके जवाब में इजराइल लगातार गाजा पर हमले कर रहा है।
इजराइली सेना ने गुरवार को बताया कि गाजा में 250 जगहों पर हमला किया है। इस दौरान उन्होंने हमास के ठिकानों, कमांड सेंटर, सुरंगों और रॉकेट लॉन्चर्स को निशाना बनाया। इस हमले में इजराइली सेना हमास के 5 सीनियर कमांडरों को मार गिराया

हम सभी जानते हैं कि इजराइल 7 अक्टूबर से ही हमास के ठिकाने को निशाना बना रहा है मगर वायदे के मुताबिक वह अभी तक इजराइली सेना ने गाजा में जमीनी हमला शुरू नहीं किया है।
भले ही गुरुवार को इजराइली सेना ने हमास के ठिकानों पर हमला करने के लिए रात भर गाजा पट्टी में ज्यादा बड़ी घुसपैठ की। वे टैंकों के साथ उत्तरी गाजा में घुसे और उन्होंने हमास के कई ठिकानों और रॉकेट लॉन्च पोजिशन को निशाना बनाया। लेकिन इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने अभी तक जमीनी आक्रमण शुरू नहीं किया है।
इससे पहले बुधवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि इजराइल गाजा पर जमीनी हमले की तैयारी कर रहा है, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि ये हमला कब होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक 7 अक्टूबर की घटना के तीन दिन बाद ही इजराइली सेना गाजा में जमीनी हमले के लिए तैयार हो चुकी थी। इजराइल के 4 लाख रिजर्विस्ट गाजा सीमा पर निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। मगर फिर वे कौन से तत्व हैं जो इजराइली सेना को जमीनी हमला करने से रोक रहे हैं।
अमेरिका
यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के दबाव में जमीनी हमले को कुछ समय तक टाल रहा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों ने इजराइल को तब तक जमीनी हमला न करने को कहा है, जब तक कि वह एयर डिफेंस सिस्टम को इस क्षेत्र में मजबूती से स्थापित ना कर दे। उम्मीद है कि इस सप्ताह के अंत तक अमेरिका अपना डिफेंस सिस्टम तैनात कर सकता है।
बंधकों की रिहाई
गाजा में जमीनी हमला न करने के पीछे एक अहम चीज बंधकों की रिहाई भी हो सकती है। अमेरिका को डर है कि जमीनी हमले के बाद बंधकों को हमास से छुड़ाना मुश्किल हो सकता है। साथ ही उसे जमीनी हमले के बाद युद्ध के पूरे क्षेत्र में फैलने का भी डर है। ऐसे में फिलहाल अमेरिका कुछ समय चाहता है।
जियो पॉलिटिक्स
अमेरिका इस पर भी विचार कर रहा है कि हमले के बाद गाजा में क्या होगा। अगर इजरायल के कब्जे में गाज पट्टी आ जाती है तो फिर कैसे वहां की स्थिति को संभाला जाएगा। साथ ही अरब सहित अन्य मुस्लिम देशों की इस पर क्या प्रतिक्रिया होगी, इस पर भी अमेरिका की नजर है।
आपसी मतभेद
न्यूयॉर्क टाइम्स की मानें तो गाजा में जमीनी हमला करने के मुद्दे पर इजराइल के राजनीतिक नेतृत्व और सेना में आपसी मतभेद गहरे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली अधिकारियों के अनुसार, राजनीतिक और सैन्य नेता इस बात पर विभाजित हैं कि कैसे, कब हमला किया जाए। यहां तक कि हमला करना भी है या नहीं, इस मुद्दे पर भी विभाजित हैं। अखबार के मुताबिक इजराइली नेताओं में से कुछ को चिंता है कि इस हमले से इजराइली सेना गजा के अंदर एक मुश्किल भरी लड़ाई में फंस सकती है।












Click it and Unblock the Notifications