US Election: गधे को बनाया चुनाव चिन्ह, बाइडेन की पार्टी की क्या थी मजबूरी? जानें चुनाव से जुड़ी दिलचस्प बातें
US Election 2024: अमेरिका में आयोवा प्रांत में डोनाल्ड ट्रंप अपनी रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन हासिल करने का चुनाव जीत गए हैं और इसी के साथ अमेरिकी चुनाव की शुरूआत हो गई है। आयोवा कॉकस के बाद अब साउथ कैरोलिना, न्यू हैंपशायर, मिशीगन प्रांतों में चुनाव होने वाले हैं। वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी के अंदर भी नामांकन के लिए मतदान होने वाले हैं।
आने वाले महीनों में ये भी साफ हो जाएगा, कि राष्ट्रपति की कुर्सी के लिए कौन किसे कितनी चुनौती दे पाएगा। अमेरिका का चुनाव, जियो पॉलिटिक्स के लिए नये रास्ते बनाता है और ग्लोबल वर्ल्ड ऑर्डर में सबसे ज्यादा महत्व रखता है, इसीलिए यहां के चुनाव पर पूरी दुनिया की नजर होती है।

लिहाजा हम अमेरिका की चुनाव को लेकर अपने पाठकों के लिए स्पेशल सीरिज शुरू करने जा रहे हैं, जिसमें हम चुनाव से संबंधित दिलचस्प बातें आपसे शेयर करेंगे। हमें उम्मीद है, कि हमारी ये सीरिज आपको काफी पसंद आएगी।
1. अमेरिका में चुनाव कब है?
अमरीकी राष्ट्रपति का चुनाव हमेशा नवंबर के पहले मंगलवार को होता है। इस बार 5 नवंबर यह तारीख है जब देश में राष्ट्रपति चुनाव होंगे।
2. अमेरिका में दो अहम पार्टियां
अमरीका में मुख्य तौर पर दो ही बड़ी राजनीतिक पार्टियां हैं। डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन।
डेमोक्रेटिक पार्टी आधुनिक उदारवाद का समर्थन करती है। यह राज्य के हस्तक्षेप, सार्वभौमिक स्वास्थ्य देखभाल, सस्ती शिक्षा, सामाजिक कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण नीति आदि जैसी चीजों में यकीन करती है।
रिपब्लिकन को रुढ़िवादी विचारों को बढ़ावा देने वाली पार्टी माना जाता है। ये पार्टी सरकार के दायरे को सीमित करने, कम टैक्स रखने और मुक्त बाजार पूंजीवाद, हथियार रखने के अधिकार, आव्रजन तथा गर्भपात जैसे मामलों में प्रतिबंध लगाने की वकालत करती है।
3. GOP क्या है?
रिपब्लिकन पार्टी को GOP (ग्रैंड ओल्ड पार्टी) के नाम से जाना जाता है। ये अमेरिका की दो सबसे पुरानी पार्टियों में से एक है। 1850 के दशक के मध्य में रिपब्लिकन पार्टी, डेमोक्रेटिक पार्टी की मुख्य राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी थी।
4. डेमोक्रेटिक पार्टी का चुनाव चिन्ह गधा क्यों है?
डेमोक्रेटिक पार्टी का चिन्ह गधा है। सबसे पहले डेमोक्रेटिक पार्टी ने साल 1828 के राष्ट्रपति चुनावों में डंकी या गधे को चुनाव चिन्ह के रूप में इस्तेमाल किया था। दरअसल डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एंड्रयू जैकसन को उनके लोकलुभावने चुनावी वादे के लिए विपक्षी पार्टी डंकी कहकर चिढ़ाती थी।

कई उदाहरण हैं जिनमें देखा गया है कि कुशल नेता विपक्षियों के हमले को भी एक हथियार बनाकर अपने पक्ष में भुना लेते हैं।खुद को डंकी बुलाए जाने पर एंड्रयू जैकसन बिल्कुल निराश नहीं हुए। उल्टे उन्होंने हर चौक-चौराहे पर पोस्टर टांगे जिसपर डंकी चिन्ह का भरपूर प्रचार किया।
दिलचस्प बात है कि वे इस चुनाव को भारी अंतर से जीत भी गए... इसके बाद आने वाले डेमोक्रेटिक उम्मीदवार गधे कार्टून का प्रचार में इस्तेमाल करने लगे। कुछ सालों बाद इसे पार्टी का चुनाव चिन्ह मान लिया गया।
रिपब्लिकन पार्टी की बात करें तो इसका चुनाव चिन्ह हाथी है। हाथी चिन्ह का इस्तेमाल सबसे पहले अब्राहम लिंकन के चुनावी अभियान में हुआ था। दिलचस्प बात है कि इस चिन्ह इस्तेमाल किसी प्रत्याशी द्वारा नहीं बल्कि एक स्थानीय अखबार द्वारा शुरू किया गया था। हाथी चिन्ह को शक्ति के प्रतीक से जोड़ा गया।
5. चार बार राष्ट्रपति कैसे बने रूजवेल्ट
अमेरिका में 1951 में हुए 22वें संशोधन के बाद से कोई भी व्यक्ति दो बार से अधिक राष्ट्रपति नहीं चुना जा सकता है। इससे पहले तक अमेरिका में यह तय नहीं था कि एक व्यक्ति कितनी बार राष्ट्रपति बन सकता है। फ्रेंकलिन डी. रूजवेल्ट ने 1933 से 1945 तक तीन कार्यकाल पूरा किया। वे चौथी बार भी जीते। लेकिन, कुछ दिन बाद मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications