पाकिस्तान नहीं अब बांग्लादेश बन रहा भारत के लिए बड़ा खतरा
ढाका। पिछले कुछ दिनों से बांग्लादेश में जो कुछ हुआ उसे दुनिया कैसे देखती है, यह बाद की चर्चा का विषय हो सकता है। लेकिन बांग्लादेश के अंदरुनी हालात भारत के लिए दोगुनी चिंता का विषय हैं।

मजबूत हो रही हैं आतंकी ताकतें
बांग्लादेश में आतंकी ताकतें धीरे-धीरे अपनी मजबूत पकड़ बनाती जा रही हैं। आजाद ख्याल वाले लोगों को और अल्पसंख्यकों को बड़ी निर्ममता से निशाना बनाया जा रहा है।
भले ही बांग्लादेश की शेख हसीना सरकार ने पिछले दिनों एक कार्रवाई में करीब 3,000 आतंकियों को गिरफ्तार किया हो लेकिन यह बात साफ है कि सरकार हालातों को नियंत्रित करने में पूरी तरह से नाकाम हुई है।
रामकृष्ण मिशन के पुजारी को मारने की धमकी
बांग्लादेश स्थित रामकृष्ण मिशन के पुजारियों को जब आतंकियों ने निशाना बनाने की धमकी दी तो मामला और गंभीर हो गया। विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि भारत की सरकार संकट की इस घड़ी में बांग्लादेश सरकार के साथ है और सरकार जिस तरह से चाहे इस धमकी संकट को अपने तरीके से सुलझाए।
साथ ही भारत सरकार ने यह भी साफ कर दिया कि किसी भी तरह से दोनों देशों के बीच गलतफहमी को पनपने नहीं दिया जाएगा। बताया जाता है कि भारत के उच्चायुक्त ने भी राम कृष्ण मिशन का दौरा किया है।
भारत के लिए चिंता और मौका दोनों
विशेषज्ञों की मानें तो बांग्लादेश में बढ़ता चरमपंथ भारत के लिए मौका भी है और एक चिंता भी है। बांग्लादेश में बढ़ते चरमपंथ की वजह से भारत के पश्चिमी राज्यों में भी इसका खतरा बढता जा रहा है।
वहीं भारत के पास यह एक ऐसे मौके के तहत है जहां पर वह बांग्लादेश के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत कर सकता है। आपको बता दें कि चीन हमेशा से ही भारत की चुनौतियों को कम करने के लिए एशिया के छोटे देशों पर अपनी नजरें जमाए हुए है।












Click it and Unblock the Notifications