मारे गए हिंदू टीचर गणपति चक्रवर्ती कौन थे? कातिलों ने मर्डर के बाद भी की घिनौनी हरकत, परिवार का अब बड़ा खुलासा
बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार लोगों की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतकों में 65 साल के रिटायर्ड स्कूल टीचर गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी प्रीतिलता, 23 साल की बेटी आगमी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 साल का बेटा प्रियम शामिल हैं। चारों के शव 22 अगस्त की रात रंगपुर के दासपाड़ा इलाके में उनके घर से मिले। पुलिस ने इस केस में दो आरोपी मुग्धो दास और सिद्धार्थ दास को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों रिश्ते में भाई हैं।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी भाई गणपति चक्रवर्ती के घर की छत पर बैठकर याबा नाम की नशीली ड्रग ले रहे थे। परिवार ने उन्हें देख लिया और उनको रोकने की कोशिश की। इसके बाद ही दोनों ने आरोपियों ने मिलकर एक-एक कर परिवार में चार लोगों की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने हत्या के बाद 6 से 7 घंटे तक उसी घर में छिपे रहे। इस दौरान खाना खाया, फ्रिज से खीरा निकाला और खजूर भी खाए। उसके बाद घर नहाने के बाद वहां से फरार हुए हैं। दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली है
कौन थे गणपति चक्रवर्ती? (Who Was Ganapati Chakraborty)
गणपति चक्रवर्ती रंगपुर जिला स्कूल में शिक्षक रहे थे। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने 31 दिसंबर 2025 को रिटायरमेंट लिया था। नौकरी से रिटायर होने के बाद उन्होंने होम्योपैथी का काम शुरू कर दिया था। परिवार करीब चार साल से दासपाड़ा इलाके में रह रहा था और उसने वहां अपना नया घर बनाया था। पड़ोसियों ने गणपति को शांत और मिलनसार व्यक्ति बताया है।
गणपति का परिवार पढ़ा-लिखा था। उनकी बेटी आगमी चक्रवर्ती प्रार्थी ने इसी साल रंगपुर के कारमाइकल कॉलेज से अंग्रेजी में मास्टर डिग्री पूरी की थी। उनका 12 साल का बेटा प्रियम रंगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था। यानी कुछ ही महीने पहले परिवार ने बेटी की पढ़ाई पूरी होने और गणपति के रिटायरमेंट के बाद नई जिंदगी शुरू की थी।
क्या गणपति चक्रवर्ती की किसी से कोई दुश्मनी थी?
हत्या के बाद परिवार के लोगों ने सबसे बड़ा सवाल यही उठाया है कि आखिर इस परिवार को निशाना क्यों बनाया गया। गणपति की भतीजी सोमा चक्रवर्ती ने द डेली स्टार से कहा कि उनके चाचा की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने बताया कि रिटायरमेंट के बाद गणपति होम्योपैथी का काम करने लगे थे।
गणपति की भतीजी की बात को उनकी साली पूजा चक्रवर्ती ने भी दोहराया। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त दोपहर उनकी बहन प्रीतिलता से आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद परिवार के चारों मोबाइल फोन बंद मिलने लगे। शनिवार रात जब परिजन घर पहुंचे तो मेन गेट बंद था और अंदर की लाइटें भी बंद थीं। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ताला तोड़ा और घर के अंदर चारों के शव मिले।
पूजा ने कहा,
"हमें समझ नहीं आ रहा कि मेरी बहन और उसके पूरे परिवार को किसने और क्यों मारा। मेरे जीजा बहुत अच्छे इंसान थे। उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने दासपाड़ा में नया घर बनाया था और वहीं रहने लगे थे।"
छत पर याबा ले रहे थे आरोपी, गणपति चक्रवर्ती ने टोका
पुलिस की शुरुआती जांच में जो कहानी सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल माबूद के मुताबिक, दोनों आरोपी पड़ोस की इमारत के रास्ते गणपति के घर की छत पर पहुंचे थे। पुलिस का आरोप है कि दोनों वहां याबा नाम की नशीली गोली ले रहे थे।
गणपति चक्रवर्ती को छत से आवाज सुनाई दी। वह ऊपर गए और दोनों युवकों से पूछा कि वे वहां क्या कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को डर था कि गणपति उन्हें पहचान लेंगे। इसके बाद उन्होंने गणपति के कंधे पर पड़े गमछे से उनका गला दबा दिया। गणपति ने बचने की कोशिश की और शोर हुआ। आवाज सुनकर उनकी पत्नी प्रीतिलता सीढ़ियों की तरफ पहुंचीं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कपड़े के टुकड़े से उनका भी गला दबा दिया। इसके बाद उनकी बेटी और 12 साल के बेटे की भी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद भी घर में घंटों रहे आरोपी
इस केस का सबसे हैरान करने वाला हिस्सा हत्या के बाद आरोपियों के घर में रुके रहने को लेकर है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वारदात के तुरंत बाद वहां से नहीं निकले। उन्होंने घर में नहाया, खाना खाया और दोबारा याबा ली। पुलिस का दावा है कि इसके बाद उन्होंने घर की बिजली भी काट दी और सामान बिखेरकर इसे लूट जैसा दिखाने की कोशिश की। कुछ सोने के गहने भी ले जाए गए थे, जिन्हें आरोपियों की जानकारी पर इलाके की एक खाली इमारत से बरामद किया गया।
यानी पुलिस की जांच में मामला सिर्फ हत्या तक सीमित नहीं दिख रहा। अब यह भी देखा जा रहा है कि क्या लूट की कहानी बनाकर असली वजह छिपाने की कोशिश की गई थी। हालांकि जांच अभी जारी है और पुलिस को अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचना बाकी है।
चार शव, घर में अलग-अलग जगह मिले
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी के अधिकारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, गणपति का शव छत पर मिला। उनकी पत्नी प्रीतिलता और बेटी आगमी के शव सीढ़ियों के पास मिले। 12 साल के प्रियम का शव एक कमरे में बिस्तर के नीचे मिला। पुलिस को घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला था।
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर और डिटेक्टिव ब्रांच के प्रमुख सनातन चक्रवर्ती ने कहा कि शुरुआती जांच में चारों की हत्या गला दबाकर किए जाने का शक है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रंगपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
परिवार ने बड़ी साजिश का शक जताया
परिवार के लोगों ने पुलिस की शुरुआती थ्योरी पर भी सवाल उठाए हैं। गणपति के बड़े भाई गोपी नाथ चक्रवर्ती ने कहा कि वह गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों को नहीं जानते। उन्होंने किसी बड़े गिरोह के शामिल होने का शक जताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना है कि सही जांच होने पर पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
गणपति के रिश्तेदार बिस्वनाथ चक्रवर्ती ने भी बताया कि घर बनाते समय कुछ लोगों ने गणपति को परेशान किया था। उन्होंने गणपति को कानूनी रास्ता अपनाने की सलाह दी थी। हालांकि बिस्वनाथ ने यह साफ नहीं किया कि उन लोगों का इस हत्या से कोई संबंध था या नहीं। इसलिए इस दावे को फिलहाल जांच का हिस्सा ही माना जा सकता है।
गणपति के घर तक कैसे पहुंचे आरोपी?
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक पड़ोस की इमारत से गणपति के घर की छत पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने याबा ली। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की है। हालांकि मामले की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी।
दोनों आरोपियों की पहचान मुग्धो दास और 19 वर्षीय सिद्धार्थ दास के तौर पर हुई है। द डेली स्टार के मुताबिक मुग्धो सोने के कारीगर के सहायक के तौर पर काम करता है, जबकि सिद्धार्थ रंगपुर सिटी बाजार में मछली के कारोबार से जुड़ा है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल- क्या यह सिर्फ लूट का मामला था?
शुरुआत में पुलिस को शक था कि यह लूट के दौरान हुई हत्या हो सकती है। लेकिन बाद की जांच में छत पर ड्रग लेने, गणपति के विरोध करने और फिर पूरे परिवार की हत्या किए जाने का एंगल सामने आया। दूसरी तरफ परिवार को शक है कि इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह हो सकता है। पुलिस, सीआईडी और डिटेक्टिव ब्रांच मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं।
फिलहाल इतना साफ है कि गणपति चक्रवर्ती का परिवार किसी आम लूट की घटना में मारा गया या हत्या के पीछे कोई बड़ी साजिश थी, इसका अंतिम जवाब जांच के बाद ही मिलेगा। परिवार की मांग है कि दोषियों की पहचान पूरी तरह सामने आए और उन्हें न्याय मिले। इस घटना के बाद रंगपुर जिला स्कूल के शिक्षकों और छात्रों ने भी मानव श्रृंखला बनाकर न्याय की मांग की है।


Click it and Unblock the Notifications
