कौन थी भारतीय छात्रा 21 साल की वंशिका? जिसकी लाश कनाडा में बीच पर मिली, पंजाब के AAP नेता की है बेटी
Indian student Vanshika Died in Canada: कनाडा में पंजाब के मोहाली की एक 21 वर्षीय छात्रा वंशिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। कनाडा में भारतीय दूतावास ने मंगलवार (29 अप्रैल) को पुष्टि की कि पिछले तीन दिनों से लापता भारतीय छात्रा (वंशिका) ओटावा में अपने कॉलेज के पास एक समुद्र तट (बीच) पर मृत पाई गई।
मोहाली के डेराबस्सी की रहने वाली वंशिका आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और ब्लॉक प्रधान दविंदर सिंह सैनी की बेटी है। वंशिका कनाडा पढ़ने गई थी। अब परिवार वालों ने हत्या का संदेह जताया है। वंशिका 25 अप्रैल को लापता हो गई थी, जिसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया था।

अब दूतावास ने जानकारी दी है कि हमें ओटावा में भारत की छात्रा वंशिका की मौत की सूचना मिलने पर बहुत दुख हुआ है। मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है और स्थानीय पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
परिवार का कहना- वंशिका की हत्या हुई है, 2 साल पहले कई थी कनाडा
वंशिका के परिवार का दावा है कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि 22 तारीख को उनकी वंशिका से आखिरी बात हुई थी। परिवार ने इस मामले की जांच की मांग की है। वंशिका के पिता दविंदर सिंह सैनी डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के करीबी माने जाते हैं। वंशिका के पिता ने मामले की जांत के लिए विधायक और सांसद तक अपनी बात पहुंचाई है। वंशिका का शव भारत लाया जाएगा।
वंशिका 12वीं नॉन मेडिकल की परीक्षा पास करने के बाद दो साल पहले कनाडा आगे की पढ़ाई के लिए गई थी। अभी हाल ही में दो साल का कोर्स पूरा करने के बाद उसने 18 अप्रैल 2025 को परीक्षा दी थी। वो परीक्षा पास करने के बाद वहां करियर बनाकर सैटल होना चाहती थी। परिवार ने दावा किया है कि वो जल्द कोई नौकरी करने वाली थी।
आखिर वंशिका की मौत की वजह क्या है?
वंशिका की मौत की वजह की जांच फिलहाल कनाडा पुलिस कर रही है। कनाडा पुलिस ने वंशिका के मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि वंशिका के शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के पीछे का कारण पता चल पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications