जानिए अमेरिका की राजनीति में फर्स्ट लेडी की क्या है अहमियत
वाशिंगटन। इन दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के लिए जारी दावेदारी की रेस और कैंपेन के दौरान हर छोटी-बड़ी बात चर्चा का विषय बन जाती है।
इस वर्ष नवंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए जो चुनाव होने वाले हैं वह पिछले कई चुनावों से काफी खास नजर आ रहे हैं। इसकी वजह है संभावित उम्मीदवारों की ओर से दिए जा रहे बयान और जिसमें पहला नंबर है रिपब्लिकन डोनाल्ड ट्रंप का।
मिशेल ओबामा और उनका स्टाइल
ट्रंप ने पिछले दिनों तो एक नई बहस को आगे बढ़ा दिया है और वह अमेरिका की फर्स्ट लेडी कैसी हो। दरअसल ट्रंप ने अपने ही प्रतिद्वंदी टेड क्रूज की एक पोस्ट के बाद इस बहस को अलग रंग दे दिया।
ट्रंप ने क्रूज की पत्नी का मजाक उड़ाते हुए अपनी पत्नी मेलेनिया का उदाहरण दिया। उन्होंने वोटर्स को कहा कि अमेरिका को मेलेनिया जैसी फर्स्ट लेडी मिल सकती है।
तो मिलेनिया ट्रंप होंगी अमेरिकी की अगली फर्स्ट लेडी
इस नए घटनाक्रम के बाद पहली बार लोगों की नजरें इस सवाल का जवाब तलाशने लगी कि क्या वाकई अमेरिका की राजनीति में फर्स्ट लेडी का कोई रोल होता है।
आइए आपको आज अमेरिका में फर्स्ट लेडी की अहमियत बताते हैं और साथ ही जानिए कि आखिर फर्स्ट लेडी का वहां की और दुनिया की राजनीति में क्या रोल होता है।

आधिकारिक ड्यूटी नहीं लेकिन फिर भी उच्च स्थान
अमेरिका में फर्स्ट लेडी कोई पद नहीं है और न ही उनके साथ किसी तरह की कोई आधिकारिक ड्यूटीज होती हैं। लेकिन इसके बावजूद वह अमेरिकी सरकार में उच्च स्थान रखती हैं और राजनीति में उनका स्थान सभी को नजर आता है।

व्हाइट हाउस की ऑफिशियल होस्ट
फर्स्ट लेडी दरअसल व्हाइट हाउस की आधिकारिक होस्ट होती हैं। दूसरे देशों के राष्ट्राध्यक्ष या फिर अधिकारियों के व्हाइट हाउस के दौरे पर फर्स्ट लेडी पर सारे इंतजाम का जिम्मा होता है। इसके अलावा व्हाइट हाउस में होने वाले सभी आधिकारिक फंक्शन को आयोजित करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होती है।

राष्ट्रपति की अनाधिकारिक सलाहकार
फर्स्ट लेडी ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स यानी FLOTUS को न सिर्फ राष्ट्रपति का सलाहकार माना जाता है बल्कि वह कई सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी भी तय करती हैं।

अगर राष्ट्रपति की शादी न हुई हो तो
अगर राष्ट्रपति का पद संभालने वाले व्यक्ति की शादी नहीं हुई है या फिर उसकी पत्नी का देहांत हो चुका है या फिर उनकी पत्नी हैं लेकिन वह फर्स्ट लेडी के तौर पर सामने नहीं आ सकती हैं तो फिर राष्ट्रपति अपनी किसी महिला रिश्तेदार या फिर अपनी किसी दोस्त को व्हाइट हाउस के होस्ट का जिम्मा सौंप सकते हैं।

सन 1789 से ही प्रभावशाली
सन 1789 से ही अमेरिका की राजनीति और वहां के समाज पर फर्स्ट लेडी का प्रभाव और उनकी सक्रियता देखने को मिल रहा है।

क्या कहकर बुलाया जाए
अमेरिका में पूर्व में हुईं कई फर्स्ट लेडीज ने इस बात को लेकर अपनी पसंद समय-समय पर जाहिर की है कि उन्हें क्या कहकर संबोधित किया जाए। कभी यह टाइटल सिर्फ 'लेडी' रहता तो कभी 'मिसेज प्रेसीडेंट' तो कभी 'मिसेज प्रेसीडेंट्रेज' बन गया। मार्था वाशिंगटन अमेरिका की वह फर्स्ट लेडी थीं जिन्हें 'लेडी वाशिंगटन' के नाम से भी जाना गया था।

कौन थी पहली 'फर्स्ट लेडी'
कहा जाता है कि वर्ष 1849 में अमेरिका के चौथे राष्ट्रपति जेम्स मैडिसन की पत्नी डॉली मैडिसन के देहांत के समय उन्हें पहली बार 'फर्स्ट लेडी' कहकर संबोधित किया गया था। यहीं से इस शब्द की शुरुआत हो गई और आज तक इसी शब्द का प्रयोग किया जाता है।

कौन-कौन अभी जीवित
फिलहाल अमेरिका की चार पूर्व फर्स्ट लेडीज पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर की पत्नी रोजलिम कार्टर, जॉर्ज बुश सीनियर की पत्नी बारबरा बुश, जॉर्ज बुश जूनियर की पत्नी लॉरा बुश और बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन जीवित हैं।

स्टाइल और फैशन के लिए भी मशहूर
अमेरिका की कुछ फर्स्ट लेडीज जैसे मिशेल ओबामा और जैक्लीन केनेडी को उनके फैशन और स्टाइल के लिए भी जाना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications