पहले अखंड नेपाल और अब सीता... काठमांडू में आदिपुरुष को लेकर बवाल मचाने वाले बालेन शाह कौन हैं?
काठमांडू का वह मेयर कौन है जिसके कारण नेपाल में भारतीय फिल्मों पर लग गया है बैन
रैपर से नेता बने काठमांड के मेयर बालेन शाह एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। आदिपुरुष पर विवाद के बाद बालेन शाह ने सभी भारतीय फिल्मों पर रोक लगाने की घोषणा की है।
आदिपुरुष फिल्म के एक डायलॉग में सीता को भारत मां की बेटी कहा गया है। अधिकांश भारतीय पौराणिक और इतिहासकार इस बात से सहमत हैं कि सीता का जन्म आधुनिक बिहार में हुआ है, जहां मैथिली भाषा अभी भी बोली जाती है।


हालांकि, नेपाली मान्यता यह है कि सीता नेपाल में आधुनिक जनकपुर से आई थीं। काठमांडू के मेयर बालेन शाह इस लाइन का विरोध करने वाले पहले व्यक्ति थे और उन्होंने कहा कि जब तक इस लाइन को हटा नहीं दिया जाता, वह देश में फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे।
बालेन शाह ने आदिपुरुष के निर्माताओं को 3 दिन के भीतर इसमें सुधार करने की चेतावनी दी थी। ये समय बीत जाने के बाद काठमांडू में भारतीय फिल्मों पर रोक लगा दी गई है।
रविवार को आदिपुरुष फिल्म पर रोक का आदेश पारित करते हुए बालेन शाह ने कहा, "तीन दिन पहले हमने आदिपुरुष के निर्माताओं से आपत्तिजनक हिस्से को हटाने के लिए कहा था। इसमें जानकी को भारत की बेटी कहा गया है।
नेपाल की संप्रभुता, स्वतंत्रता और आत्म-सम्मान की रक्षा करना नेपाल की हर सरकार, गैर सराकरी संगठनों और नागरिकों की पहली जिम्मेदारी है। जब तक फिल्म के विवादित हिस्से को ठीक नहीं कर दिया जाता, काठमांडू में किसी भी भारतीय फिल्म को प्रदर्शित नहीं होने दिया जाएगा।"
आपको बता दें कि मेयर बालेन शाह इससे पहले भी भारत से जुड़ी चीजों के विरोध के कारण सुर्खियां बटोर चुके हैं। बालेन शाह ने 8 जून को भारत के अखंड भारत का नक्शा संसद की नई बिल्डिंग में लगाने के बाद अपने कार्यालय में ग्रेटर नेपाल का नक्शा लगा दिया था।
बालेन शाह के लगाए गए ग्रेटर नेपाल के इस नक्शे में भारत के यूपी, बिहार और हिमाचल प्रदेश राज्यों के कई इलाके दिखाए गए थे। नेपाल के रैपर रहे बालेन शाह काठमांडू के 15वें मेयर हैं।
बालेन शाह ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पार्टी के वामपंथी उम्मीदवार को हराया था। वह निर्दलीय उम्मीदवर बनकर मेयर का चुनाव जीतने वाले पहले व्यक्ति हैं। नेपाल में काठमांडू के मेयर की हैसियत कई केंद्रीय मंत्री से भी अधिक मानी जाती है।
बालेन शाह, जिन्हें बालेंद्र शाह के नाम से भी जाना जाता है, आयुर्वेदिक चिकित्सक राम नारायण शाह और उनकी पत्नी ध्रुवदेवी शाह के सबसे छोटे बेटे हैं। बालेन शाह ने हिमालयन व्हाइटहाउस इंटरनेशल कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। कर्नाटक स्थित विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से उन्होंने स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री (MTech) हासिल की है।
बालेन शाह की पत्नी सबीना काफले एक कवि और हेल्थ प्रोफेशनल है। 33 वर्षीय शाह एक लोकप्रिय रैप गायक होने के साथ-साथ पेशे से इंजीनियर भी हैं। बालेन शाह के गीतों में गरीबी, बदहाली, राजनीति का जिक्र होता था। यही वजह है कि नेपाल के युवाओं के बीच उनका खासा क्रेज है।
नेपाल की राजनीति के जानकार लोगों का कहना है कि बालेन शाह चीन समर्थक केपी ओली की राह पर चल रहे हैं और भारत का विरोधकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications