कौन हैं अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर बनने वाले अब्दुल अल-सैयद? ट्रंप ने कहा था 'जिहादी', भारत से गहरा नाता
Abdul El-Sayed: अमेरिकी राजनीति में एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। मिशिगन से डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद ने सीनेट चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही 42 वर्षीय अब्दुल अमेरिकी इतिहास में सीनेटर चुने जाने वाले पहले मुस्लिम नेता बन गए हैं।
यह जीत इतनी आसान नहीं थी। चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन नेताओं के तीखे हमलों का सामना करना पड़ा। ट्रंप ने खुले मंच से उन पर आतंकवादी संगठनों से जुड़े होने का आरोप लगाया था और उन्हें 'जिहादी' तक कह दिया था। इन तमाम बाधाओं को पार करते हुए अब्दुल ने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को करारी शिकस्त दी। ऐसे में आइए जानते हैं अब्दुल अल-सैयद के बारे में।

कौन हैं अब्दुल अल-सैयद? (Who is Abdul El-Sayed)
अब्दुल अल-सैयद का जन्म 31 अक्टूबर 1984 को मिशिगन के रोचेस्टर हिल्स में मिस्र से आए आप्रवासी माता-पिता के घर हुआ था। जब वे तीन साल के थे, तब उनके माता-पिता का तलाक हो गया था, जिसके बाद उनके पिता और सौतेली मां ने उनकी परवरिश की।
अब्दुल ने मिशिगन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से रोड्स स्कॉलर के तौर पर पब्लिक हेल्थ में पीएचडी की। इसके बाद उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से मेडिकल की डिग्री (MD) हासिल की। मात्र 30 साल की उम्र में वे डेट्रॉइट के हेल्थ डिपार्टमेंट के सबसे कम उम्र के कार्यकारी निदेशक बने थे। चुनावी कैंपेन के दौरान उन्होंने आम लोगों के लिए सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं और राजनीति से कॉरपोरेट फंडिंग खत्म करने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया।
भारत से गहरा नाता: कर्नाटक के भटकल और बेंगलुरु कनेक्शन
अब्दुल अल-सैयद का भारत के साथ एक बहुत ही निजी और गहरा रिश्ता है। उनकी शादी डॉ. सारा जुकाकू से हुई है, जो पेशे से एक मनोचिकित्सक हैं। सारा का परिवार तटीय कर्नाटक के ऐतिहासिक शहर भटकल से ताल्लुक रखता है, जो मंगलुरु से लगभग 140 किलोमीटर दूर है।
एक इंटरव्यू में अब्दुल ने खुद इस बात का जिक्र किया था कि उनकी शादी दक्षिण भारतीय परिवार में हुई है और अब वे पूरी तरह से इस संस्कृति में घुल-मिल चुके हैं। उन्होंने यहां तक कहा था कि वे अरब होने से ज्यादा खुद को भारतीय महसूस करते हैं। सारा के दादा जुकाकू शमसुद्दीन मैसूर रियासत में वित्त उप-मंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में उनके परिवार के ज्यादातर सदस्य बेंगलुरु और अमेरिका में रहते हैं।
Abdul El-Sayed Career: डॉक्टर से राजनीति तक का सफर
अब्दुल अल-सैयद का राजनीतिक सफर जन स्वास्थ्य के क्षेत्र से शुरू हुआ। 2015 में डेट्रॉइट के मेयर माइक डगन ने उन्हें शहर के स्वास्थ्य विभाग का प्रमुख नियुक्त किया। उस वक्त उनकी उम्र करीब 30 साल थी। उनकी जिम्मेदारी ऐसे शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को दोबारा मजबूत करना था, जहां आर्थिक संकट के बाद सरकारी जन स्वास्थ्य व्यवस्था को नुकसान पहुंचा था।
अपने कार्यकाल में उन्होंने रिफाइनरी से होने वाले सल्फर डाइऑक्साइड उत्सर्जन को कम कराने की कोशिश की। फ्लिंट जल संकट के बाद डेट्रॉइट के स्कूलों में सीसे की जांच और शहर की पशु नियंत्रण सेवाओं के लिए फंड बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी काम किया।
2017 के बाद उन्होंने अकादमिक और जन स्वास्थ्य से जुड़े काम जारी रखे। 2023 से 2025 तक वह वेन काउंटी के स्वास्थ्य, मानव और वेटरन्स सेवा विभाग के निदेशक रहे। उनके चुनाव प्रचार की वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने शुरुआत में डॉक्टर बनने का रास्ता चुना था। लेकिन बाद में उन्हें लगा कि स्वास्थ्य से जुड़ी कई परेशानियों की जड़ सरकारी व्यवस्था और नीतियों में है। इसी सोच ने उन्हें सार्वजनिक सेवा और राजनीति की तरफ बढ़ाया।
ट्रंप का तीखा हमला: 'जिहादी' और मेटल डिटेक्टर वाला बयान
चुनावी सरगर्मी के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने अब्दुल अल-सैयद को लेकर बेहद आक्रामक रुख अपनाया था। मिशिगन की एक रैली में ट्रंप ने कहा था कि वह यहां एक जिहादी और मुस्लिम ब्रदरहुड के सदस्य को अमेरिकी सीनेटर बनने से रोकने आए हैं।
ट्रंप ने यह भी दावा किया था कि अगर अल-सैयद सीनेटर बनते हैं, तो उन्हें संसद भवन में प्रवेश करने से पहले मेटल डिटेक्टर से गुजरना चाहिए। उन्होंने 11 सितंबर 2001 के हमलों का जिक्र करते हुए उनकी तुलना विमान हाइजैकर्स से करने की कोशिश की थी। इसके बावजूद अब्दुल ने लेबर यूनियन्स के समर्थन और आम जनता के मुद्दों पर फोकस करते हुए चुनावी मैदान में बाजी मार ली।
अब्दुल अल-सैयद का चुनाव में क्या था उनका मुद्दा?
अब्दुल अल-सैयद ने अपने चुनाव प्रचार में स्वास्थ्य सेवाओं को आम अमेरिकी नागरिकों के लिए सुलभ बनाने पर जोर दिया। उनका तर्क था कि किसी व्यक्ति को डॉक्टर के पास जाने के बाद भारी बिल का डर नहीं होना चाहिए। उन्होंने मुनाफे के लिए चलने वाले बड़े स्वास्थ्य कारोबार और राजनीति में धन के असर पर भी सवाल उठाए।
उनका संदेश था कि सरकार को बड़े कारोबारियों के बजाय आम लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देनी चाहिए। डेमोक्रेटिक पार्टी में उन्हें प्रगतिशील विचारों वाले नेता के तौर पर देखा जाता है। 2026 के डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव में उन्होंने अमेरिकी प्रतिनिधि हेली स्टीवंस को हराया। इसके बाद आम चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार और पूर्व सांसद माइक रोजर्स को मात दी। इस जीत के साथ वह सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बन गए। शपथ लेने के बाद वह अमेरिकी सीनेट में पहले मुस्लिम सदस्य होंगे।
पत्नी सारा का भावुक भाषण
जीत के बाद अल-सैयद ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी पत्नी सारा के भाषण का वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि अभियान की आखिरी रैली के अंतिम पलों में सारा ने बेहद खूबसूरत भाषण दिया। सारा ने कहा कि उन्हें हमेशा से लगता था कि अब्दुल में कुछ खास है। उन्होंने उन्हें देर रात तक मेहनत करते देखा है, जबकि दूसरे लोग थककर हार मान लेते थे।
उन्होंने यह भी बताया कि अब्दुल दुखी दोस्तों को सही बात कहकर सहारा देते हैं और कमजोर लोगों के पक्ष में मजबूती से खड़े होते हैं। हालांकि, सारा ने उनके पापा वाले बेकार चुटकुलों का जिक्र करके माहौल को हल्का भी किया। सारा के मुताबिक, अब्दुल जैसे दिखाई देते हैं, असल में वैसे ही हैं। यानी उनका सार्वजनिक व्यक्तित्व और निजी व्यवहार एक-दूसरे से अलग नहीं है।
असदुद्दीन ओवैसी ने अल-सैयद की जीत पर क्या कहा?
अब्दुल अल-सैयद की इस ऐतिहासिक जीत का असर भारत की सियासत पर भी दिखने लगा है। एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस जीत का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश के मुसलमानों के लिए एक नया सियासी संदेश दिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए ओवैसी ने लिखा, "मिशिगन में एक अब्दुल जीत गया है; अब उत्तर प्रदेश के अब्दुल को भी अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करनी होगी।" उन्होंने आरोप लगाया कि देश में राजनीतिक ताकतों ने 'अब्दुल' शब्द को एक तंज या अपमान की तरह इस्तेमाल करने की कोशिश की है। ओवैसी के इस बयान के बाद देश के राजनीतिक गलियारों में इस जीत पर चर्चा और तेज हो गई है।


Click it and Unblock the Notifications
