कोरोना के नए वेरिएंट से पूरी दुनिया में दहशत, WHO ने कहा- इसका प्रभाव जानने में लगेंगे कुछ हफ्ते
नई दिल्ली, नवंबर 26। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना का नया वेरिएंट मिलने के बाद पूरी दुनिया में हलचल पैदा हो गई है, क्योंकि कोरोना के इस वेरिएंट को बहुत ही घातक बताया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के अलावा कई अन्य देशों में भी नए वेरिएंट के मरीज मिल चुके हैं। इसको लेकर शुक्रवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की एक अहम मीटिंग हुई, जिसमें नए वेरिएंट को लेकर चर्चा हुई। इस मीटिंग में WHO की टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन वायरस एवोल्यूशन (TAG-VE) की टीम शामिल हुई।

नए वेरिएंट को लेकर क्या बोले डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता?
मीटिंग के बाद डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता ने बताया कि हम सरकारों के लिए आगे के दिशा-निर्देश जारी करेंगे, नियम वैसे होंगे, जिनका पालन देश आसानी से कर सकें। डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता ने बताया है कि अभी शुरुआत अध्ययन से पता चलता है कि नया वेरिएंट बहुत अधिक संख्या में म्यूटेंट हुआ है और अधिक जानकारी के लिए अभी और अध्ययन होना बाकि हैं। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि हमें यह समझने में अभी कुछ सप्ताह लगेंगे कि नए वेरिएंट कितना प्रभावित कर सकता है।
बैठक में होगी वायरस के नए वेरिएंट पर अहम चर्चा
इस मीटिंग से पहले WHO में कोविड-19 के टेक्निकल लीड डॉ मारिया वान केरखोवे ने कहा था कि बैठक में इस बात पर चर्चा होगी कि क्या इस वैरिएंट को रुचि या चिंताजनक श्रेणी में रखा जाना चाहिए या नहीं। अगर ऐसा होता है तो इसको भी ग्रीक अल्फाबेट से एक नए नाम दिया जाएगा। आपको बता दें कि इस पहले ही WHO द्वारा कोरोनावायरस के चार वैरिएंट्स को अल्फा, बीटा, गामा और डेल्टा नाम दिया जा चुका है।
इन जगहों पर मिला है कोरोना का नया वेरिएंट
आपको बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में मिला कोरोना का नया वेरिएंट B.1.1.529 है। वैज्ञानिकों ने इस वायरस को बहुत ही घातक माना है और इसे असामान्य बताया है। वायरस का नया वेरिएंट बहुत तेजी से म्यूटेंट हुआ है। बोत्सवाना, दक्षिण अफ्रीका और हॉन्ग कॉन्ग में इस नए वैरिएंट से संक्रमित लोगों की पुष्टि हुई है। विशषज्ञों का कहना है कि इस वैरिएंट में बॉडी के इम्यून सिस्टम को भेदकर उसमें घुसने की शक्ति है। इसका मतलब कि ये रूप काफी अधिक संक्रामक हो सकता है।
भारत में भी अलर्ट
आपको बता दें कि कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर भारत में भी अलर्ट जारी किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ये अलर्ट जारी किया है। मंत्रालय ने रिस्क वाले देशों की यात्रा कर रहे लोगों की अच्छी तरह जांच और स्क्रीनिंग के दिशा निर्देश जारी किए हैं। साथ ही सरकार जो विदेश यात्रा को शुरू करने वाली थी वो रोक दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications