Weird World: गर्लफ्रैंड से मिलने तारों के नीचे से पाकिस्तान जा रहा बीटेक स्टूडेंट पकड़ा, जेल में हुआ था प्यार!
Weird World: राजस्थान के बीकानेर जिले में रविवार को सुरक्षा अधिकारियों ने एक व्यक्ति को पाकिस्तान में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। यह घटना 17 KYD क्षेत्र के पास हुई। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम निवासी प्रशांत वेदम के रूप में हुई है, जो भारत-पाकिस्तान सीमा तक पहुंच गया था।
"मुझे पाकिस्तान जाना है"
खाजूवाला एसएचओ हरपाल सिंह ने बताया कि प्रशांत वेदम खुलेआम पाकिस्तान जाने की बात कर रहा था और सीमा पार करने का आसान रास्ता ढूंढ रहा था। जैसे ही सेना की खुफिया एजेंसियों को इस मूवमेंट की जानकारी मिली, उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह उसकी पहली कोशिश नहीं थी।

2017 में भी पाकिस्तानी सीमा में घुस चुका
दरअसल, प्रशांत 2017 में भी बीकानेर में करणी पोस्ट के रास्ते पाकिस्तान में घुस गया था। उस समय पाकिस्तानी सेना ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। वह 2021 तक पाकिस्तान की हिरासत में रहा और बाद में अटारी बॉर्डर के जरिए भारत को सौंप दिया गया था।
दोबारा कोशिश के पीछे क्या मंशा?
अब एक बार फिर इस तरह पाकिस्तान जाने की कोशिश ने उसकी मंशा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेना अभी भी उसके दावों को लेकर शक है। जांचकर्ताओं का संदेह है कि वह शायद पाकिस्तान वापस लौटने की कोशिश कर रहा था। हालांकि उसका असली इरादा पूछताछ के बाद ही साफ होगा।
"पाकिस्तान में एक लड़की से प्यार हुआ था"
'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक प्रशांत ने दावा किया है कि पाकिस्तान में, जहां वह पहले जेल में बंद था, वहीं उसे एक महिला से प्यार हो गया था, जो एक दूसरी कोठरी में बंद थी। पुलिस को दिए बयान में प्रशांत ने कहा कि वह उसी लड़की से मिलने पाकिस्तान जा रहा था। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि वह उस लड़की के संपर्क में था या नहीं।
मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं- परिवार
एसएचओ हरपाल सिंह ने आगे बताया कि विशाखापट्टनम में उसके परिवार से संपर्क किया गया है। प्रशांत के भाई ने बताया कि वह कुछ मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है। उसका भाई परिवार के साथ हैदराबाद से बीकानेर आ रहा है और सोमवार शाम तक पहुंच जाएगा। सिंह ने कहा, "उनके आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।" अब सेना और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर उससे पूछताछ करेंगी।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications