Venezuela Earthquake: एयरपोर्ट पर भगदड़, सड़कों पर अफरा-तफरी! वेनेजुएला भूकंप के 5 खौफनाक Video
Venezuela Earthquake: प्रकृति देखने में जितनी खूबसूरत लगती है उतनी है भयानक भी हो सकती है अगर रौद्र रूप में आ जाए। ऐसा ही कुछ वेनेजुएला के लोगों ने देखा जब वहां पर बुधवार की शाम (वेनेजुएला के समयानुसार) देश में कुछ ही सेकंड के भीतर पर दो बड़े भूकंप आए, जिनकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.2 और 7.5 दर्ज की गई। इन जोरदार झटकों ने राजधानी काराकास समेत कई इलाकों को बुरी तरह हिला दिया। कई बहुमंजिला इमारतें ढह गईं और पूरे इलाके में धूल का गुबार फैल गया।
भूकंप इतना अचानक आया कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। राजधानी की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। हालात को देखते हुए देश के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को तुरंत बंद करना पड़ा। वैज्ञानिकों का कहना है कि दोनों भूकंपों के बीच बहुत कम समय का अंतर होना नुकसान बढ़ने की एक बड़ी वजह रहा।

क्यों संवेदनशील है वेनेजुएला?
वेनेजुएला कैरिबियाई और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर स्थित है। इसी वजह से यह इलाका भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतने शक्तिशाली झटके महसूस नहीं किए। राजधानी काराकास की कई प्रमुख सड़कों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। प्रशासन ने कई इलाकों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है ताकि राहत और बचाव कार्य आसानी से चल सके।
हवाई अड्डे पर मची अफरा-तफरी
भूकंप के दौरान हवाई अड्डे से सामने आए वीडियो काफी डरावने थे। यात्री अपनी जान बचाने के लिए टर्मिनल और गलियारों में भागते दिखाई दिए। कई जगह दीवारों से प्लास्टर और मलबा गिरने लगा, जबकि छत के कुछ हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा धूल और मलबे के बीच कई लोग कुर्सियों और मेजों के नीचे छिपकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश करते नजर आए। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी उड़ानों को अगली सूचना तक रोक दिया है।
बेसबॉल मैच के दौरान भी महसूस हुए झटके
भूकंप का असर खेल के मैदानों में भी दिखाई दिया। एक लाइव बेसबॉल मैच के दौरान अचानक जमीन हिलने लगी। खिलाड़ियों और दर्शकों ने तुरंत मैदान के बीच खुले हिस्से की ओर दौड़ लगाई ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। स्टेडियम के ऊपर लगी हाई-टेंशन बिजली लाइनें भी तेज झटकों के कारण खतरनाक तरीके से हिलती हुई दिखाई दीं। हालांकि समय रहते लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर संभावित हादसे से खुद को बचा लिया।
घरों के अंदर का नजारा था बेहद डरावना
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घरों के भीतर की तबाही साफ दिखाई दे रही है। भारी अलमारियां, टीवी सेट, फ्रिज और सोफे जमीन पर गिर गए। कई घरों की दीवारों में बड़ी दरारें पड़ गईं और रसोई का सामान बिखर गया। वीडियो में लोगों की चीखें और भगवान से प्रार्थना करने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। कई परिवार डर के मारे खुले मैदानों और सड़कों पर निकल आए।
मुश्किल वक्त में सामने आई इंसानियत
इस आपदा के बीच कई ऐसे वीडियो भी सामने आए जिन्होंने लोगों का दिल छू लिया। एक वायरल वीडियो में देखा गया कि जब एक बहुमंजिला इमारत गिर रही थी, तब कुछ लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना एक छोटे बच्चे के ऊपर मानव ढाल (Human Shield) बना ली, ताकि उसे मलबे से बचाया जा सके। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इन लोगों की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं।
बाल-बाल बची एक व्यक्ति की जान
एक अन्य वीडियो में एक व्यक्ति अपनी बालकनी से भूकंप का वीडियो बना रहा था। जैसे ही उसे झटकों का एहसास हुआ, वह तेजी से सीढ़ियों की ओर भागा। वीडियो में दिखाई देता है कि सीढ़ियों पर लगातार मलबा गिर रहा था। वह व्यक्ति जैसे-तैसे नीचे पहुंचा और कुछ ही सेकेंड्स बाद इमारत का निचला हिस्सा ढह गया। यह वीडियो भूकंप की भयावहता को साफ दिखाता है।
भूकंप के तुरंत बाद राहत और बचाव दल सक्रिय हो गए। आपदा प्रबंधन की टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही हैं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में आधुनिक उपकरणों और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। कई इलाकों में सेना और स्थानीय प्रशासन भी राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।
भविष्य के लिए बड़ा सबक
इस विनाशकारी भूकंप ने एक बार फिर भूकंप-रोधी निर्माण तकनीकों की जरूरत पर जोर डालने के लिए मजबूर कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत और सुरक्षित बुनियादी ढांचा ऐसी आपदाओं में जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम कर सकता है। फिलहाल सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रभावित लोगों को चिकित्सा सहायता, भोजन और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है। साथ ही भविष्य में ऐसी आपदाओं से निपटने के लिए आपातकालीन तैयारियों को और मजबूत बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।














Click it and Unblock the Notifications