पैदा होते ही नहीं बचेगी बच्ची, मां को पता था फिर भी अंगदान के लिए दिया जन्म
वॉशिंगटन। अमेरिका की 23 साल की क्रिस्टा डेविस की कहानी सुनकर आप उन्हें सलाम करेंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि क्रिस्टा डेविस को पता था कि जिस बच्ची को वो जन्म दे रही हैं उसकी उम्र सिर्फ 30 मिनट है लेकिन फिर भी उन्होंने उसे जन्म दिया ताकि उसके अंगों का दान कर सकें। जानकारी के मुताबिक क्रिस्टा डेविस को जब 18 हफ्ते की प्रेगनेंसी थी, तब उसे बताया गया कि उसकी बच्ची नॉर्मल नहीं है। उसे दुर्लभ बीमारी अनेनसेफली है। इसके होने से बच्चे का दिमाग या खोपड़ी पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाती। डॉक्टर्स ने 23 साल की क्रिस्टा और उनके ब्वॉयफ्रेंड डेरेक लोवेट को इसकी जानकारी दी। दोनों को बताया कि बच्ची जन्म के बाद 30 मिनट से ज्यादा जीवित नहीं रह पाएगी।

डॉक्टरों ने क्रिस्टा को दो विकल्प दिए थे। वह अबॉर्शन करा लें या गर्भावस्था को पूरे समय तक ले जाएं और बच्चे को जन्म दें और फिर उसके अंगों का दान कर सकते थे। क्रिस्टा ने दूसरा विकल्प चुना। उन्होंने बच्चे को धरती पर लाने का फैसला किया, ताकि अन्य शिशुओं को जीवन में दूसरा मौका मिल सके। क्रिस्टा ने एक इंटरव्यू में बताया कि हमारे लिए यह खबर पूरी तरह से तोड़ देने वाली थी। इससे पहले एक बार मेरा मिसकैरेज हो चुका था। इस प्रेगनेंसी के वक्त बहुत सारी दिक्कतें आई थीं। ऐसा लगा जैसे सबकुछ छिन गया।
डॉक्टर की टीम ने हमें दो विकल्प दिए। पहला- हम फौरन गर्भपात करा दें। दूसरा- बच्चे को जन्म दें और बाद में बच्चे के अंग दान कर दें। डॉक्टर्स ने बताया कि जैसे ही गर्भनाल से बच्चे को अलग किया जाएगा। उसके जीने की संभावना कम हो जाएगी। डेविस ने बताया कि हमने तय किया कि अगर हम अपनी बेटी को घर नहीं भी ला पाएंगे, तो भी किसी दूसरी मां को उस स्थिति से नहीं गुजरना होगा, जिससे हम गुजर रहे हैं। बेबी रेली का जन्म क्रिसमस की पूर्व संध्या पर हुआ था और नए साल की पूर्व संध्या पर वह दुनिया को अलविदा कह गई। मगर, बच्ची उम्मीद से कहीं अधिक समय तक जीवित रही और उसने दूसरे बच्चों को भी जीवनदान दिया। रेली ने दो हार्ट वाल्व दान किए और उसके फेफड़े का उपयोग अनुसंधान और विकास के लिए होगा।












Click it and Unblock the Notifications